शहर

Jhajjar News: कुएं में जहरीली गैस बनी काल, बछड़े को बचाने उतरे चार लोगों ने गंवाई जान

झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में कुएं में गिरे बछड़े को बचाने उतरे चार लोगों की मौत हो गई। जहरीली गैस की चपेट में आने से उनका दम घुटने से मौत हो गई। घटना की जांच जारी है।

Image

जहरीली गैस से भरे कुएं ने ली चार लोगों की जान

Photo : Times Now Digital

Jhajjar News: हरियाणा के झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में गिरे एक बछड़े को बचाने की कोशिश में चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों का दम घुट गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बछड़े को बचाने एक के बाद एक उतरे लोग

जानकारी के अनुसार, गांव के एक कुएं में बछड़ा गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए सबसे पहले एक व्यक्ति कुएं के अंदर उतरा, लेकिन जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गया। जब वह बाहर नहीं आया, तो उसे बचाने के लिए एक-एक कर तीन अन्य लोग भी कुएं में उतर गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आने के कारण बाहर नहीं निकल सके।

3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जिसके बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया और उन्हें एंबुलेंस के जरिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 41 वर्षीय दलबीर, 41 वर्षीय नरेंद्र, 37 वर्षीय मोनू और एक प्रवासी मजदूर रामे के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुएं के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसके कारण चारों लोगों का दम घुट गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर झज्जर की पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि बचाव दल ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन चारों लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

वहीं, स्थानीय विधायक कुलदीप वत्स भी घटनास्थल और बाद में नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई। इस घटना के बाद नागरिक अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रशासन पर राहत और बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अगर समय पर मदद पहुंचती, तो शायद चारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!