शहर

ओडिशा के नयागढ़ में भीषण सड़क हादसा; बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 30 अन्य घायल

ओडिशा के नयागढ़ जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पर्यटक बस पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण बस दासपल्ला के हनुमान घाटी रोड पर मोड़ लेते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

ओडिशा के नयागढ़ में पर्यटक बस पलटने से पांच लोगों की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Odisha Bus Accident: ओडिशा के नयागढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक पर्यटक बस के पलटने से कम से कम पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब दो बजे उस समय हुआ जब 55 यात्रियों को लेकर जा रही बस दासपल्ला के हनुमान घाटी मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मोड़ लेते वक्त चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस पलट गई। इस दुर्घटना में हरि पात्रा, उनकी पत्नी लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, उनकी बेटी सुमति और चालक प्रबीन कुमार साहू की मौत हो गई। सभी मृतक ब्रह्मपुर के निवासी बताए गए हैं।

सीएम माझी ने किया मुआवजे का ऐलान

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताई। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 4 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा भी की है। उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ’’नयागढ़ जिले के दासपल्ला के पास एक पर्यटक बस दुर्घटना में कई यात्रियों की जान जाने की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी और व्याकुल हूं। मैं भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना में घायल एक यात्री आर्य पात्रा ने आरोप लगाया कि बस अत्यधिक तेज रफ्तार से चल रही थी। उनके मुताबिक, घाटी वाले मार्ग पर वाहन की गति करीब 100 किमी प्रति घंटे या उससे भी ज्यादा थी, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान कुछ यात्री बाहर जा गिरे, जबकि करीब पांच लोग बस के नीचे फंस गए। वहीं, दूसरे यात्री संतोष प्रधान ने बताया कि उन्होंने ब्रह्मपुर से बस पकड़ी थी और उनका गंतव्य बलांगीर जिले का हरिशंकर था। अधिकारियों के अनुसार, दासपल्ला और बनिगोचा थाना पुलिस ने दमकल दल के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें दासपल्ला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article