शहर

हिमाचल में खराब मौसम से तबाही! मूसलाधार बारिश के चलते हुआ भूस्खलन, कई इलाकों में भरा पानी; जनजीवन अस्त-व्यस्त

हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन हुआ। कई इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। प्रमुख सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों को भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने नदियों और नालों के आसपास के इलाकों मे अलर्ट जारी किया है।

Image

कुल्लू में तेज बारिश के चलते आई बाढ़

Flood in Himachal: हिमाचल प्रदेश में हिमपात और बारिश के कारण शुक्रवार को भूस्खलन हुआ और प्रमुख सड़कों व राष्ट्रीय राजमार्गों को बंद कर दिया गया। जिससे कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में लगातार तीसरे दिन रुक-रुक कर हो रहे हिमपात और बारिश से राजमार्ग बाधित हो गया है। राज्य भर में करीब 200 सड़कें बंद हो गई हैं जिससे कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और शिमला जिलों के कई इलाके बाकी राज्य से कट गए हैं।

चंबा-मनाली में स्कूल बंद

अधिकारियों ने बताया कि चंबा और मनाली में सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। हालांकि, सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित समय के अनुसार ही होंगी। उन्होंने बताया कि 2,300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का खतरा है। लोगों को बाहर जाने से बचने और आवश्यक ऐहतियात बरतने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पांच (हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग) नरकंडा में हिमपात के कारण बंद हो गया है जबकि देहा-चौपाल और दोदरा-क्वार क्षेत्र से जुड़ने वाली सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। खड़ापथर गांव (8,770 फीट) पर थेओग-हाटकोटी राजमार्ग भी बंद है।

कुल्लू में कई जगहों पर भरा पानी

कुल्लू में भारी बारिश के कारण अखाड़ा बाजार और गांधी नगर में पानी भर गया है। बहते पानी से सड़कों के किनारे खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने नेहरू कुंड से आगे वाहनों का आवागमन रोक दिया है क्योंकि सोलंग नाला, गुलाबा, अटल टनल और रोहतांग में बर्फबारी हुई है। भूस्खलन के कारण बनाला में मनाली-कीरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। पुलिस ने बताया कि पहाड़ियों से लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण यातायात बहाली का काम शुरू नहीं हो सका है। जनजातीय घाटियों में कई सड़कें बर्फबारी और बारिश के कारण बंद हो गई हैं।

हिमाचल में कहां कितनी हुई बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक कोठी में सबसे अधिक 120 सेमी हिमपात हआ। इसके बाद खदराला में 115 सेमी, केलांग में 75 सेमी, काल्पा में 46 सेमी, कुकुमसेरी में 38.8 सेमी, सांगला में 23.5 सेमी और निचार व मूरंग में 15 सेमी बर्फबारी हुई। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई है। सियोबाग में सबसे अधिक 113.2 मिमी बारिश हुई। भुंटर में 113.2 मिमी, बंजार में 112.4 मिमी, जोगिंदरनगर में 112 मिमी, सलूणी में 109.3 मिमी, पालमपुर में 99 मिमी, चंबा में 97 मिमी, बैजनाथ में 75 मिमी, कांगड़ा में 74 मिमी, रोहड़ू में 70 मिमी, कुफरी में 59 मिमी और शिमला में 54.5 मिमी बारिश हुई।

इन जिलों में भारी बर्फबारी के लिए अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में आसमान घने बादलों से ढका रहा और मौसम विज्ञान केंद्र ने लाहौल-स्पीति व किन्नौर जिलों और चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर व कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article