आज का भारत अपने विकास की रफ्तार से दुनिया के साथ कदम से कदम मिला रहा है। दुनिया के साथ कदमताल करने के लिए भारत में स्मार्ट सिटी मिशन चलाया जा रहा है। इन स्मार्ट सिटीज में नागरिकों को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही इसमें बेहतर लैंड यूज को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। भारत सरकार ने 100 शहरों के साथ अपने इस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को शुरू किया था। प्रारंभिक 100 स्मार्ट शहरों का प्रोजेक्ट अब पूरा होने को है। पूरे देश से इन 100 शहरों का चुनाव किया गया था। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी इस योजना को क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
भारत में स्मार्ट सिटी की पूरी योजना ही तकनीकी प्रगति का सबसे अच्छा फायदा उठाने की है। इससे लगातार बढ़ती शहरी आबादी को फायदा होता है। इसमें यूटिलिटी सप्लाई, कचरा संग्रहण और सोशल सर्विसेज जैसी बेहतर सेवाएं शामिल हैं। देश के 10 सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट सिटीज के बारे में जानने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि स्मार्ट सिटी क्या है?
क्या है स्मार्ट सिटी?
स्मार्ट सिटी एक शहरी क्षेत्र है जिसे एडवांस टेक्नोलॉजी और सुविधाओं से आधुनिक बनाया गया है। शहर अपनी ऑपरेशनल एफिसिएंसी को बढ़ाने, संसाधनों को मैनेज करने, जनता के साथ जानकारी साझा करने, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने और अपने नागरिकों को बेहतर सरकारी सेवाएं प्रदान करने के लिए इंफॉर्मेशन और कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करता है। मशहूर प्रॉपर्टी पोर्टल magicbricks के अनुसार ये हैं देश की 10 सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट सिटीज -
भुवनेश्वर

भुवनेश्वर
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर एक स्मार्ट सिटी है। भुवनेश्वर सामाजिक रूप से स्मार्ट श्रेणी में आता है। यहां आपको बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और एरिया-बेस्ड डेवलपमेंट देखने को मिलेगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में आने के बाद यहां की सामाजिक संरचना भी बदल गई है। यहां पर बच्चों के लिए फंक्शनल पार्क हैं। इस क्षेत्र के शैक्षिक संस्थान और SEZ उपनगरीय इलाकों के तेजी से शहरीकरण में योगदान दे रहे हैं। आईटी इनक्यूबेशन सेंटर, कन्वेंशन और ट्रेड जोन और गोल्डन क्वाड्रैंगल एनएच-5 जैसी परियोजनाएं यहां के बड़े आकर्षण हैं। कलिंग नगर, जातनी, सैलाश्री विहार, नीलाद्री विहार और चंद्रशेखरपुर जैसे क्षेत्रों में रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की भरमार है।
इंदौर

इंदौर
मध्य प्रदेश का यह शहर स्मार्ट सिटी के रूप में चोटी के शहरों में है। इस शहर को कचरा प्रबंधन और हेरिटेज कंजर्वेशन की श्रेणियो में कई पुरस्कार भी मिले हैं। कार्बन क्रेडिट फाइनेंसिंग मैकेनिज्म और स्मार्ट क्लासरूम जैसे नवाचार इस शहर में देखने को मिलते हैं। बेहतर स्वास्थ्य देखभाल ने इंदौर को और भी अधिक रहने योग्य स्थान बना दिया है। बेहतर सड़कों और प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट ने दुर्घटनाओं को कम करने में मदद की है। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों ने छात्रों के साथ-साथ रोजगार के अवसरों को भी आकर्षित किया है। एयरपोर्ट रोड, प्रीमियम पार्क कॉलोनी, शीतल नगर, आलोक नगर, उज्जैन रोड, एमआर10 और कई अन्य क्षेत्र रहने के लिए सर्वोत्तम जगहों के रूप में उभरे हैं।
पुणे

पुणे
शैक्षिक संस्थानों और SEZ ने पूरे देशभर से लोगों को पुणे की तरफ आकर्षित किया है। अपनी स्मार्ट सिटी प्लानिंग के चलते यह शहर स्मार्ट सिटी का हिस्सा बन गया। स्मार्ट बसें, अच्छे से प्लान की गई मेट्रो रेल, फ्लाईओवर और बाईपास ने यहां आवागमन को सुचारू बना दिया है। आवासीय क्षेत्रों के लिए कचरा निपटान और नागरिक सुविधाओं ने यहां पर बड़ी उम्मीदें जगाई हैं। इससे पुणे में आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ोतरी हुई है। पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवाड़ का जुड़वां शहर है, जो अपने सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचे के साथ स्मार्ट सिटी का हिस्सा है। यहां पर हडपसर, वाघोली, एयरपोर्ट रोड, बानेर, वाकड और पिंपल-सौदागर जैसे क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी परियोजना का लाभ मिल रहा है।
अहमदाबाद

अहमदाबाद
पर्यटन की अपार संभावनाएं और सुरक्षा के कारण अहमदाबाद स्मार्ट सिटी की लिस्ट में शामिल है। यहां की वास्तुकला, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय माहौल अहमदाबाद को रहने के लिए एक बेहतरीन शहर बनाते हैं। इसके अलावा आईटी और अन्य औद्योगिक विकास इस शहर को आगे लेकर जाते हैं। सुविधाजनक आवास विकल्प के साथ ही कचरा और स्वच्छता प्रबंधन अहमदाबाद स्मार्ट सिटी परियोजना का हिस्सा हैं। अहमदाबाद ने ई-गवर्नेंस, सिटी सर्विलांस, डिजिटल भुगतान और एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्रों की प्रणालियों को भी स्थापित किया है। गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी, धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन और अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे इस शहर को आगे रखते हैं। साणंद, नलसरोवर, बावला, कोलात, परमधाम सोसाइटी और कई अन्य जगहों का कायाकल्प हो चुका है।
कोयंबटूर

कोयंबटूर
सस्टेनेबल एनर्जी और एनर्जी कंजरवेशन के मामले में कोयंबटूर सबसे अच्छा समाधान पेश करता है। ऊर्जा संरक्षण के अलावा, जल संरक्षण और पुनर्स्थापन भी इस शहर को स्मार्ट सिटी का दर्जा देती हैं। कोयंबटूर में अच्छी जल आपूर्ति, कचरा प्रबंधन, बुनियादी ढांचा विकास, सोलर टेक्नोलॉजी और स्मार्ट सर्विलांस जैसी सुविधाएं हैं। यहां पर आपको एक कुशल यातायात प्रणाली, खुले बड़े पार्क और सीसीटीवी निगरानी मिलती है। यहां के टेक्सटाइल उद्योग के कारण कोयंबटूर को 'दक्षिण भारत का मैनचेस्टर' कहा जाता है। आईटी उद्योग के विकास ने शहर को तमिलनाडु का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा शहर बना दिया है। यहां पर रियल एस्टेट बाजार भी फल-फूल रहा है। कोयंबटूर मेट्रो, रिंग रोड परियोजना और अन्य सेवाएं इस स्मार्ट सिटी को भारत में रहने के लिए एक आकर्षक स्थान बना रही हैं। वडावल्ली, त्रिची रोड, अविनाशी रोड और सरवनमपट्टी कुछ ऐसे इलाके हैं, जहां जबरदस्त विकास देखने को मिला है।
कोच्चि

कोच्चि
कोच्चि विरासत और आधुनिकता का एक अद्भुत मिश्रण है। यह स्मार्ट सिटी केरल का एसईजेड है और इस उद्योग के आसपास ही सतत जीवन विकसित करने का लक्ष्य है। कैनाल रेस्टोरेशन, हाउसिंग, स्वास्थ्य केंद्र, कचरा प्रबंधन और जल आपूर्ति इस योजना के तहत कवर की गई कुछ चीजें हैं। यहां एकीकृत यातायात प्रबंधन और नियंत्रण केंद्रों से सुरक्षा में वृद्धि देखने को मिलती है। वल्लारपदम अंतरराष्ट्रीय कंटेनर ट्रांस-शिपमेंट टर्मिनल और कोच्चि मेट्रो के कारण यहां रियल एस्टेट उद्योग को बढ़ावा मिला है। कक्कनाड, अंगमाली, कंगारापडी, त्रिक्काकारा और वाझक्कला कुछ ऐसे इलाके हैं जहां निवेश करना फायदेमंद हो सकता है।
हैदराबाद

हैदराबाद
हैदराबाद एक ऐतिहासिक शहर है, जो एक प्रमुख स्मार्ट सिटी के रूप में उभरा है। पिछली सरकारों द्वारा शहर की बुनियादी ढांचा योजना को टेक्नोलॉजी से लाभ मिला है। यहां के आईटी हब और सस्ते में उपलब्ध जमीन ने स्मार्ट सिटी योजनाओं को मदद पहुंचाई है। हैदराबाद शहर तेलंगाना की राजधानी है और यह आरामदायक व सुविधाजनक जीवन के लिए एक आदर्श स्थान है। यहां शिक्षा, मेडिकल केयर, हॉस्पिटैलिटी और रोजगार के अवसरों में तेजी देखने को मिली है। यातायात को सुलभ बनाने के लिए यहां पर कई परियोजनाएं लाई गई हैं। पतंचेरु औद्योगिक गलियारा, हैदराबाद हवाई अड्डा गलियारा, एयरोस्पेस गलियारा, फार्मा सिटी गलियारा, वारंगल हाईवे गलियारा और कई अन्य में निवेश के कई अवसर उपलब्ध हैं।
जयपुर

जयपुर
गुलाबी शहर जयपुर, राजस्थान की राजधानी है और देश की स्मार्ट सिटी सूची में शामिल है। यह शहर समृद्ध विरासत और संस्कृति को अपने में समेटे है और पर्यटकों के बीच खासा पसंद किया जाने वाला शहर है। यहां के विरासत स्थलों पर इंफॉर्मेशन कियोस्क और मल्टीमॉडल एकीकरण के साथ यूजी मेट्रो स्टेशन इसे आधुनिकता का पुट देते हैं। शहर में वेस्ट वाटर रीसाइकिलिंग और ऑटोमेटिड वॉटर क्वालिटी मैनेजमेंट योजनाएं लाई गई हैं। जयपुर के रियल एस्टेट में निवेश करने के लिए सीकर रोड गलियारा, जगतपुरा, अजमेर रोड और आगरा रोड सबसे मुफीद हैं।
सूरत
सूरत को डायमंड सिटी ऑफ इंडिया भी कहा जाता है, क्योंकि यहां पर हीरों को काटने और तराशने का काम बड़े पैमाने पर होता है। इस शहर को अपने इनोवेटिव स्मार्ट सिटी समाधानों के लिए भी जाना जाता है, जैसे सोलर पावर जेनरेशन, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और स्मार्ट वाटर मैनेजमेंट सिस्टम को लागू किया गया है। सूरत शहर की अन्य परियोजनाओं में सूरत आईटी-एमएसी, स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली, जीआईएस सिस्टम के साथ ईआरपी, एस-कनेक्टेड कार्ड, कॉमन सिटी पेमेंट सिस्टम और अन्य शामिल हैं।
लखनऊ

लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को अपनी संस्कृति और विरासत के लिए जाना जाता है। यह शहर देश के प्रमुख स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का हिस्सा है। लखनऊ प्राधिकरण का ध्यान मुख्य रूप से शहर में यातायात प्रबंधन और सुचारू परिवहन सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। प्राधिकरण जिन अन्य परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहा है उनमें कचरा प्रबंधन प्रणाली, स्वच्छता आदि शामिल हैं। शहर में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, ओपन जिम, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों में वाई-फाई हॉटस्पॉट जैसी सुविधाएं शुरू हो चुकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
