Muskan Sharma Murder Case: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने रविवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मुस्कान की मां, भाई और बहन से बातचीत कर उनकी परेशानी और परिवार की पूरी बात सुनी।
लता गुप्ता ने परिवार के प्रति संवेदना जताई
लता गुप्ता ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में दिल्ली महिला आयोग उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिया कि परिवार को कानूनी या प्रशासनिक मदद की जरूरत होगी तो आयोग हर संभव सहायता करेगा। महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि मुस्कान को न्याय दिलाने के लिए मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तेजी से होना जरूरी है। जांच के किसी भी अहम पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
अब तक की जांच के बारे में जानकारी ली
परिवार से मिलने के बाद लता गुप्ता ने संबंधित थाने के एसएचओ से भी बातचीत की और अब तक की जांच के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से जांच की प्रगति, उपलब्ध सबूतों और अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी ली। साथ ही मामले में सभी तथ्यों और साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए जल्द और तथ्यपरक जांच पर जोर दिया।
महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए
लता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। आयोग यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा कि पीड़ित परिवार को न्याय की प्रक्रिया में हर संभव सहयोग मिले। उन्होंने कहा कि मुस्कान के परिवार ने जिस दर्द और पीड़ा को झेला है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। आयोग का प्रयास रहेगा कि जांच सही दिशा में हो और किसी भी महत्वपूर्ण पहलू की अनदेखी न हो।
