Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा क्षेत्र में खेत में सिंचाई कर रहे किसान पर बाघ ने हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया, जिसके बाद किसान का क्षत-विक्षत शव गुरुवार को दूसरे खेत में मिला। घटना की खबर मिलने पर घटनास्थल पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
खेत की सिंचाई कर रहा था किसान
पीलीभीत बाघ अभयारण्य के उपनिदेशक मनीष सिंह ने बताया कि बांसखेड़ा गांव का निवासी किसान पूरनलाल (55) बुधवार रात गांव के ही नजदीक अपने खेत में सिंचाई करने गया था, उसके साथ परिवार के दो युवक भी गए थे, आधी रात को सिंचाई हो जाने के बाद दोनों युवक घर लौट आए और पूरनलाल ने भी थोड़ी देर बाद घर आने की बात कही थी।
अगले दिन मिला किसान का शव
इसी दौरान जंगल के बाहर घूम रहा बाघ खेत में पहुंच गया और किसान पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर पूरनलाल के परिजन ने रात को ही खेत पर पहुंचकर खोजबीन की, गुरुवार सुबह पास के ही गन्ने के खेत में पूरनलाल का आधा खाया हुआ शव मिला।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गये और वहां पहुंचे वन विभाग तथा पुलिस के अधिकारियों के सामने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं मिलने तक वे शव को उठाने नहीं देंगे। बहरहाल, पुलिस ने उन्हें मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
