Pilibhit Tiger Attack: पीलीभीत जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आदमखोर बाघ ने जंगल में मजदूरी कर रहे एक व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया। करीब पांच घंटे तक बाघ मजदूर के शरीर को नोच-नोचकर खाता रहा और बाद में फिर वहीं क्षत-विक्षत अवस्था में छोड़कर भाग गया। बाघ के हमले में मारा गया मजदूर जामुनिया गांव का रहने वाला था। फिलहाल, डीएफओ ने घटना के जांच के आदेश दिए हैं।
आदमखोर बाघ का आतंक
घटना माला रेंज की मथना बीट की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जप्ती गांव के नजदीक वन विभाग के जंगल में जामुनिया गांव निवासी गंगाराम काम के वास्ते आया था। वह जंगल में मजदूरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला बोल दिया। इससे पहले किसी को जानकारी हो पाती आदमखोर बाघ गंगाराम को जंगल के अंदर खींच ले गया और उसे मार डाला। इसके बाद घंटो नोच-नोचकर खाता रहा। घटना के पांच घंटे बाद ग्रामीणों को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने वन रेंजरों को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ पहुंचता देख बाघ क्षत विक्षत हालत में शव छोड़कर भाग गया। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग घरों से निकलने में घबरा रहे हैं।
वन विभाग की लापरवाही से हुई घटना
बताया जा रहा है कि वन विभाग की बड़ी लापरवाही से यह घटना हुई है। बिना किसी सुरक्षा के जंगल के बीच मजदूरों से साफ-सफाई कराई जाती है। वहीं, डीएफओ ने कहा कि अगर, अवैध तरीके से मजदूरी कराने का मामला सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, डीएफओ ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
