शहर

पहले रोका, फिर कार में बैठाया और उड़ा दिए 24.90 लाख, झांसी में पुलिसवाले बने लुटेरे

झांसी में जालौन पुलिस लाइन के तीन सिपाहियों पर 24.90 लाख रुपये की लूट में शामिल होने का आरोप लगा है। इस मामले में दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही 24.50 लाख रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं। वहीं एक सिपाही अभी भी फरार है।

Image

झांसी में पुलिसवालों ने की लूट। (फोटो- AI)

यूपी के झांसी में खाकी को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीन सिपाहियों पर सट्टा कारोबारी के एजेंट से 24.90 लाख रुपये लूटने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो सिपाहियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 24.50 लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। वहीं, तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

कहां से हुई लूट की योजना की शुरुआत

इस घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने जो कहानी बताई, वह काफी दिलचस्प है। दरअसल, झांसी के खुशीपुरा निवासी सूर्यांश यादव मध्य प्रदेश के सतना निवासी नितिन तेजवानी और विजय तेजवानी के साथ क्रिकेट सट्टे का कारोबार करता था। सट्टे में लगातार नुकसान होने के कारण उस पर 24.90 लाख रुपये की देनदारी हो गई थी। रकम की वसूली को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

योजना में शामिल किया तीन पुलिसवालों को

इसी बीच सूर्यांश ने कथित तौर पर एक ऐसी योजना तैयार की, जिसमें कर्ज भी चुक जाए और पैसा वापस भी मिल जाए। इसके लिए उसने अपने रिश्तेदार अमित यादव और उसके संपर्क में रहने वाले तीन पुलिसकर्मियों को योजना में शामिल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई की शाम सूर्यांश ने नितिन तेजवानी को फोन कर बताया कि भुगतान की व्यवस्था हो गई है। इसके बाद नितिन ने अपने एजेंट किशन को रुपये लेने के लिए भेजा। किशन ने सूर्यांश से 24.90 लाख रुपये लेकर उन्हें अपनी स्कूटी में रख लिया और वहां से रवाना हो गया।

लूट में यहां हुई पुलिसवालों की एंट्री

आरोप है कि मिनर्वा तिराहे के पास दो वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने किशन को रोक लिया और पूछताछ के बहाने उसे अपनी कार में बैठा लिया। इसी दौरान उनके अन्य साथियों ने स्कूटी से रुपयों से भरा बैग निकाल लिया और स्कूटी को रास्ते में छोड़ दिया। वारदात के बाद किशन को छोड़ दिया गया। किशन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। शुरुआती जानकारी में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच तेज कर दी गई।

एक-एक लाख के लालच में पुलिसवाले बने लुटेरे

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में सिपाही राघवेंद्र राजपूत और मनोज शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी सिपाही नीरज राजपूत फरार है। तीनों जालौन पुलिस लाइन में तैनात थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महज एक-एक लाख रुपये के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया।

कुल छह आरोपी गिरफ्तार

मामले में अब तक दो सिपाहियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, सौरभ यादव, सिपाही नीरज राजपूत, नितिन तेजवानी और संस्कार तेजवानी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद जालौन के पुलिस अधीक्षक ने तीनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article