शहर

Delhi Crime News : एक घंटे कमरे में प्रेमी संग अकेली थी महिला, बेड बॉक्स में मिली डेडबॉडी; 3 गिरफ्तार

दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित एक पीजी के बेड बॉक्स से एक महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि सात अप्रैल को विवाहित महिला पीजी में आई थी और शाम करीब 4:30 बजे उसकी मुलाकात आरोपी दीपक से हुई, जो स्वयं भी शादीशुदा है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istcok)

दिल्ली : मंगोलपुरी इलाके में एक विवाहित महिला की हत्या करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 35 वर्षीय महिला का शव ’पेइंग गेस्ट’ (पीजी) के बेड के बॉक्स में से बरामद हुआ है और उस पर गला घोंटे जाने के निशान हैं। उनके अनुसार, सात अप्रैल को मंगोलपुरी थाने में सूचना दी गई कि पत्थर मार्केट स्थित एक इमारत के एक कमरे में एक महिला के बेहोश पड़े होने का संदेह है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि इमारत की तीसरी मंजिल पर एक व्यक्ति पीजी का संचालन कर रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "कमरे की तलाशी के दौरान, एक महिला का शव बेड के बॉक्स से बरामद किया गया। शव पर गला घोंटे जाने के स्पष्ट निशान थे और माथे पर चोट का निशान था।

घटनास्थल पर अपराध जांच दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया और आगे की जांच के लिए साक्ष्य जब्त किए गए। मृतका की पहचान मंगोलपुरी निवासी के रूप में हुई। अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसके आरोपी दीपक के साथ प्रेम संबंध थे।

दीपक नाम के शख्स से मिली थी महिला

पुलिस ने बताया कि सात अप्रैल को विवाहित महिला पीजी में आई थी और शाम करीब 4:30 बजे उसकी मुलाकात आरोपी दीपक से हुई, जो स्वयं भी शादीशुदा है। दोनों करीब एक घंटे तक एक कमरे में रहे। आरोपी के चले जाने के बाद पीजी मालिक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।जांच के आधार पर, आठ अप्रैल को मंगोलपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बुधवार को मंगोलपुरी निवासी तीन आरोपियों - सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक (22) - को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय दो अन्य आरोपी सुरेंद्र और जोगिंदर भी पीजी में मौजूद थे, जिससे तीनों व्यक्तियों द्वारा महिला का कथित यौन उत्पीड़न किए जाने की भी आशंका है तथा इस दिशा में भी जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि पीड़िता और आरोपी के बीच संबंधों की प्रकृति, किसी भी संभावित विवाद और घटना से संबंधित अन्य परिस्थितियों सहित सभी संभावित कोणों से मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आज का मौसम कैसा रहेगा. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article