Satish Mahana: राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बीजेपी नेता व उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बेतुका बयान दिया है। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि जिन लोगों की आस्था सच्ची नहीं रही होगी, उनका चढ़ावा चोरी हो गया। हमने आस्था के साथ पैसा दिया था, हमारा पैसा मंदिर में लगा है और मंदिर का भव्य स्वरूप इसका प्रमाण है।
राम मंदिर चंदा चोरी पर बयान देकर घिरे सतीश महाना
महाना के बेतुके बयान पर अब विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने महाना पर निशाना साधते हुए बीजेपी पर सवाल उठाए हैं। बता दें कि सतीश बयान की पहचान एक गंभीर नेता के रूप में होती है, लेकिन उनके इस बयान ने विपक्ष को हमले का नया हथियार दे दिया है। विपक्ष पहले ही बीजेपी और आरएसएस पर हमलावर है।
कांग्रेस ने की बयान की निंदा
इसे लेकर कांग्रेस नेता अंशु अवस्थी ने कहा, इनका अहंकार देखिए, वो ना तो मंदिर में आए चढ़ावे को सुक्षित रख पाए और न ही जो लोग लूट रहे हैं पैसे, उन पर कार्रवाई करना चाहते हैं। क्योंकि वो बीजेपी और आरएसएस से जुड़े हैं। उल्टे श्रद्धालुओं और उनकी श्रद्धा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इतना अहंकार सही नहीं है। भगवान राम के नाम पर थोड़ी तो मर्यादा रखनी चाहिए थी। आप सारी मर्यादाएं तोड़ रहे हैं, उनकी श्रद्धा पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
SIT सरकार को आज सौंप सकती है रिपोर्ट
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित SIT बुधवार को सरकार को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप सकती है। तीन सदस्यीय समिति अपनी रिपोर्ट अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंप सकती है। एसआईटी को जांच के लिए 15 दिनों का अतिरिक्त समय मिला था और यह समयावधि 15 जुलाई को पूरी हो रही है। हालांकि, कहा यह भी जा रहा है कि जांच के अन्य पहलुओं को पूरा करने के लिए एसआईटी सरकार से थोड़ा और समय मांग सकती है। समझा जाता है कि एसआईटी की इस रिपोर्ट में चढ़ावा चोरी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
