Khali Viral Video: पूर्व WWE रेसलर 'द ग्रेट खली' (दलीप सिंह राणा) की कार शनिवार को हरियाणा के पानीपत में एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। घटना की खबर मीडिया और सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद फैंस में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि, अब खुद ग्रेट खली ने एक वीडियो मैसेज जारी कर अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया है कि वे पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
अपने वीडियो संदेश में खली ने कहा कि वे शुरुआत में इस घटना का जिक्र नहीं करना चाहते थे, लेकिन मीडिया में खबरें आने के बाद उन्होंने सच्चाई सामने रखना सही समझा। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद और अपने फैंस की दुआओं की वजह से उन्हें कोई चोट नहीं आई है और वे एकदम दुरुस्त हैं। उन्होंने अपने चाहने वालों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे सभी के प्यार की वजह से यह संदेश साझा कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, पुलिस के पहुंचते ही मची भगदड़; 43 महिलाओं समेत 83 गिरफ्तार
आपको बता दें कि शनिवार को यह हादसा उस समय हुआ जब द ग्रेट खली अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से सफर कर रहे थे। पानीपत में टोल प्लाजा के पास उनकी कार के आगे चल रही एक इनोवा गाड़ी के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते खली की फॉर्च्यूनर के ड्राइवर को भी तुरंत ब्रेक दबाना पड़ा, जिससे दोनों गाड़ियों के बीच हल्की टक्कर हो गई। टक्कर से खली की फॉर्च्यूनर को थोड़ा नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि गाड़ी में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हादसे के बाद खली अपनी दूसरी गाड़ी में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। उनकी टीम के सदस्य अनिल शर्मा ने भी पुष्टि की कि यह एक मामूली सड़क दुर्घटना थी और घबराने की कोई बात नहीं है।
