शहर

ठाणे मर्डर मिस्ट्री: फ्लैट के बाथरूम में बोरे से मिला युवक का शव, गर्लफ्रेंड पर हत्या का शक

ठाणे में एक फ्लैट के अंदर बाथरूम से बोरे में बंद युवक का शव मिला। पुलिस को शक है कि उसकी गर्लफ्रेंड ने हत्या कर शव छिपा दिया और सबूत मिटाने के लिए बाथरूम का नल खुला छोड़ दिया। आरोपी के कथित वॉयस मैसेज के बाद मामला सामने आया।

Image

बॉयफ्रेंड की हत्या के बाद फरार हुई गर्लफ्रेंड, पुलिस जांच में जुटी

Photo : Times Now Digital

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण स्थित मलंग रोड इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। नीलकंठ सोसाइटी के एक फ्लैट के बाथरूम से एक युवक का शव बोरे के अंदर से बरामद हुआ है। पुलिस को शक है कि मृतक की हत्या उसकी गर्लफ्रेंड ने की और फिर सबूत मिटाने की कोशिश कर शहर से फरार हो गई।

पुलिस के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से फ्लैट से तेज बदबू आने की शिकायत मिल रही थी। सूचना पर मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। जहां फ्लैट बाहर से बंद मिला, इसलिए पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। घर की तलाशी लेने पर बाथरूम में एक बोरा मिला, जिसमें एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।

सबूत मिटाने की कोशिश का शक

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का मानना है कि हत्या कुछ दिन पहले हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला ने कथित तौर पर शव को बोरे में भरकर बाथरूम में रख दिया और नल खुला छोड़ दिया। पुलिस को आशंका है कि ऐसा शव को जल्दी सड़ाने और खून के निशान मिटाने के इरादे से किया गया, हालांकि इस पहलू की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

वॉयस मैसेज से खुला मामला

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी महिला कथित रूप से फरार होकर कोलकाता चली गई। जाने से पहले उसने मकान मालिक को एक वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें फ्लैट के बाथरूम में शव होने की बात कही। इसके बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

फोरेंसिक जांच और आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश के लिए एक टीम को कोलकाता रवाना किया गया है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!