शहर

Thane News: नवी मुंबई में ट्यूशन पढ़ रहे बच्चों पर गिरा स्लैब, एक छात्र की मौत और 10 घायल

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोपर खैराने इलाके में एक बिल्डिंग का स्लैब गिरने से एक छात्र की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। घटना के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ट्यूशन क्लास चल रही थी। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

ठाणे में बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 11 बच्चे घायल

Photo : ANI

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के नवी मुंबई में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर के फ्लैट का स्लैब अचानक गिर गया। इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई और 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय फ्लैट में ट्यूशन क्लास चल रही थी। इस दौरान एक टीचर और 12 स्टूडेंट फ्लैट में मौजूद थे। हादसे में मृतक छात्र की पहचान 13 वर्षीय मनीष म्हासे के तौर पर हुई है।

यह घटना गुरुवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच नवी मुंबई के कोपार खैराने में सेक्टर-2 स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में हुई। नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, घटना के समय फ्लैट में रहने वाली श्यामली चौधरी घर पर 11 बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थीं। तभी अचानक फ्लैट की स्लैब गिर गई और मलबे की चपेट में आने से कई बच्चे घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही एनएमएमसी के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकला गया। इस हादसे में 13 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पहली मंजिल पर रहना वाला एक बच्चा भी घायल

इस हादसे में 10 अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनकी उम्र 9 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस हादसे में एक बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा पहली मंजिल पर रहने वाला 12 वर्षीय एक बच्चा भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। प्रभावित परिवारों के लिए कोपर खैराने स्थित अण्णासाहेब पाटिल सांस्कृतिक भवन में अस्थायी तौर पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। नवी मुंबई नगर आयुक्त कैलास शिंदे ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग को इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं मेयर सुजाता पाटिल, डिप्टी मेयर दशरथ भगत और नगर आयुक्त शिंदे ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल भी लिया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article