दिवाली के अवसर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को मीडिया से बात की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों से कहा कि सब लोग दिवाली अच्छे से मनाइए, यह बहुत बड़ा त्योहार है। इसके साथ ही उन्होंने आतंकी घटनाओं और उनके एनकाउंटर को लेकर भी अपनी पार्टी और देश की रणनीति को स्पष्ट कर दिया।
फारूख अब्दुल्ला ने दिवाली के अवसर पर कहा, माता लक्ष्मी यहां के लोगों को लक्ष्मी भेजें। बहुत कम लक्ष्मी है यहां पर, आज दुकानें खाली हैं। मैं उम्मीद करूंगा कि भगवान इनको ज्यादा से ज्यादा तरक्की दे। इनमें बहुत सी उन्नति आए और हम लोग आगे बढ़ें।
आतंकी आएंगे, हम मारेंगे
जम्मू-कश्मीर में बारामुल्ला में हुई आतंकी घटना और अखनूर एनकाउंटर पर जब उनसे प्रश्न पूछा गया तो उन्होंने कहा, एनकाउंटर होते रहते हैं... इसमें कौन सा डर है। एक एनकाउंटर में तीन आतंकवादियों के मारे जाने पर जब उनसे प्रतिक्रिया मांग गई तो उन्होंने कहा, कोई परवाह नहीं जी... आतंकी आते रहेंगे और हम भी मारते रहेंगे।
दरबार मूव पर भी दी प्रतिक्रिया
फारूख अब्दुल्ला से जब दरबार मूव के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा, दरबार मूव तो होगा और हो कर रहेगा। ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर में हर साल दो बार दरबार मूव की परंपरा रही है। यहां सर्दियों में राजधानी जम्मू और गर्मियों में श्रीनगर होती है। दरबार मूव के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। बता दें कि साल 2020 में लेफ्टिनेंट गवर्नर यानी उपराज्यपाल ने दरबार मूव की परंपरा को बंद कर दिया था।
पाकिस्तान को खरी-खरी
इससे पहले फारूख अब्दुल्ला ने मंगलवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान खरी-खरी सुनाई थी। उन्होंने कहा, पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में कभी सफल नहीं होगा और जो लोग इस क्षेत्र को पाकिस्तान में मिलाना चाहते थे, वे असफल हो चुके हैं। फारूख अब्दुल्ला ने कहा, ‘भारत की ताकत एकता में विविधता है और देश की शांति, प्रगति तथा विकास के लिए हमें भाईचारे को मजबूत कर एक-दूसरे के प्रति नफरत को दूर करना होगा।’
