Tej Pratap Yadav Birthday: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने 16 अप्रैल को अपना 39वां जन्मदिन मनाया। राजधानी पटना के हार्डिंग रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर जश्न का माहौल रहा जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
इस मौके पर तेज प्रताप ने खास इंतजाम किया था। तेजप्रताप की बर्थ-डे पार्टी का खास चेहरा रहे उनके पिता लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) जो इस पार्टी में शामिल हुए। लालू प्रसाद ने केक काटकर बेटे का जन्मदिन मनाया। उन्होंने तेजप्रताप को केक खिलाया वहीं तेज ने भी उनको केक खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर काफी संख्या में तेज प्रताप यादव के समर्थक भी पहुंचे थे और उन्होंने जमकर पार्टी को एन्जॉय किया, आतिशबाजी कर और तेजप्रताप के समर्थन में नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी को CM बनने पर बधाई दी
वहीं इस मौके पर तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि 'मैंने तो पहले ही भविष्यवाणी की थी कि सम्राट मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी एक परिपक्व मुख्यमंत्री साबित होंगे और बिहार के विकास को आगे ले जाएंगे।' वहीं तेज प्रताप यादव ने रोजगार की मांग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए ताकि प्रदेश के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके।
छोटे भाई पर भी की टिप्पणी, कहा- 'तेजस्वी यादव तो खुद 25 सीटों पर सिमट गए...'
तेज प्रताप यादव ने अपने भाई तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी करते हुए कहा, 'नया-नया मुख्यमंत्री बने हैं यह सब को पता है। तेजस्वी जी ने कहा है कि हमारी पार्टी से निकलकर आज सम्राट मुख्यमंत्री बने हैं। तेजस्वी यादव तो खुद 25 सीटों पर सिमट गए। वह किसी को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। हमारी पार्टी जनशक्ति जनता दल लोगों को आगे बढ़ा रही है।'
