शहर

'पैसे दो वरना मार देंगे, वीडियो भी वायरल करेंगे...', लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप को जान से मारने की धमकी

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। तेजप्रताप ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर इस बात की जानकारी दी।

Image

लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप को मिली जान से मारने की धमकी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

बिहार की राजनीति और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को जान से मारने और ब्लैकमेल करने की गंभीर धमकी मिली है। इस बात का खुलासा तेजप्रताप ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स (X) पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा करके किया है।

तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में बताया कि दोपहर करीब 3 बजकर 11 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को एक मीडिया हाउस का प्रतिनिधि बताया। इसके बाद उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने कोई वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने और उनसे पैसे ऐंठने का प्रयास भी किया।

वीडियो के नाम पर अवैध वसूली-तेजप्रताप

अपनी चिंता जाहिर करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि उनकी पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' के अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुरक्षा से भी जुड़ा एक गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त नंबर से पार्टी के कई अन्य प्रमुख लोगों को भी फोन करके परेशान किया जा रहा है और वीडियो के नाम पर अवैध वसूली की कोशिश की जा रही है।

राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग

इस घटना के सामने आने के बाद तेजप्रताप ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने उस संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉल करने वाले की पहचान कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

इसमें सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि पोस्ट लिखने के बाद तेज तेज प्रताप ने बिहार सरकार और सीएम सम्राट चौधरी को टैग करने के साथ ही JJD अध्यक्ष ने कॉकरोच जनता पार्टी को भी टैग किया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article