शहर

Punjab Encounter: सरपंच हत्याकांड केस में बड़ी सफलता, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी समेत दो लोग गिरफ्तार

तरनतारन में सरपंच हत्याकांड केस के एक मुख्य आरोपी और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद उन्हें पकड़ा गया। जिसमें दोनों घायल हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पास से दो पिस्तौलें भी बरामद हुई हैं।

Image

फाइल फोटो

Punjab Sarpanch Murder Case: पंजाब के तरनतारन में सरपंच हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को तरनतारन पुलिस ने इस केस के मुख्य आरोपी और उसके एक साथी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के पास से 2 पिस्टल भी मिली हैं।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि “सिधू फार्म सरपंच मर्डर केस में एक मुख्य आरोपी और उसका साथी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों आरोपी घायल हुए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पास से दो पिस्तौल बरामद की गई हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।”

शादी समारोह में सरपंच की हत्या

गौरतलब है कि पंजाब के थाथियन महंतन गांव के सरपंच हरभेंद्र सिंह की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे तरनतारन के सरहाली थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी फंक्शन में शामिल होने के लिए गए थे, इसी दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी थीं। जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी।

रंजिश के एंगल से जांच जारी

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि इस हमले के दौरान सरपंच का एक साथी भी उनके साथ मौजूद था। जिसने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में हमले में 9 एमएम हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। इसके अलावा AK-47 के उपयोग की जांच की जा रही है। एसएसपी के अनुसार, इस मामले में जांच के दौरान अभी तक किसी गैंगस्टर एंगल, धमकी या रंगदारी से जुड़ा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। पुलिस इस मामले में रंजिश के पहलू से भी जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article