बिलासपुर : बिलासपुर में एक गांव के पास शनिवार को खेतों में 'पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस' लिखा हुआ एक संदिग्ध "हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा" मिलने से सुरक्षा को लेकर एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, बंदलाधार और भपराल गांव में मिले पाकिस्तानी गुब्बारे पर पीआईए और पाकिस्तानी झंडे के निशान बने हुए हैं। हालांकि, पुलिस एस एक सामान्य गुब्बारा मान रही है, लेकिन एहतियातन जांच की जा रही है।
हिमाचल के बिलासपुर में मिला संदिग्ध 'पाकिस्तानी गुब्बारा (ANI)
संदिग्ध गुब्बारा मिलने से सकते में लोग
स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि झंडूटा उपमंडल की बलोह ग्राम पंचायत के अंतर्गत खेतों में काम कर रहे लोगों ने शनिवार सुबह एक संदिग्ध गुब्बारा देखा। उन्होंने तुरंत तलाई थाने में इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। एक अन्य स्थानीय निवासी राजेश गौतम ने बताया कि संदिग्ध वस्तु एक हवाई जहाज के आकार के गुब्बारे जैसी थी, जिस पर "पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस" शब्द स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि सुबह खेतों में काम कर रहे लोगों ने यह गुब्बारा देखा। उन्होंने तुरंत तलाई पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।
उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच करने का आग्रह किया। हिमाचल प्रदेश में इस तरह का गुब्बारा पहली बार नहीं दिखा है। ऊना और बिलासपुर जिलों में भी समय-समय पर ऐसे गुब्बारे नजर आ जाते हैं। फिर भी स्थानीय लोगों की चिंता जाहिर होने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस जांच की ओर अग्रसर है।
पहले भी मिले गुब्बारे
17 दिसंबर 2025 को भी हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों हवाई जहाज आकार के कुछ गुब्बारे मिले थे, जिन पर PIA (Pakistan International Airlines) या पाकिस्तानी झंडा छपा था। ऊना में 8 दिसंबर को मिले गुब्बारे में I Love Pakistan लिखे तीन गुब्बारे मिले थे। वहीं, दौलतपुर के चलेत गांव की एक छत पर PIA लिखा एक गुब्बारा गिरा था। वहीं, हमीरपुर और कांगड़ा में भी इसी तरह की संदिग्ध वस्तुएं मिलने से हड़कप फैला था।
