Sitamarhi Road Accident: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। पुपरी थाना क्षेत्र के झझी-हट गांव के पास सड़क दुर्घटना में सातवीं कक्षा के छात्र रितेश कुमार उर्फ गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। रितेश, जो संतोष दास का बेटा था, अपनी रोजाना दिनचर्या की तरह सुबह कोचिंग जाने के लिए घर से निकले था।
पर उसे क्या पता था कि यह उसके जीवन की आखिरी सुबह होगी। बताया जा रहा है कि, मछली से भरी एक पिकअप वाहन ने रितेश को तेज गति से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ समय बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अपने बेटे के शव को देखकर माता-पिता का हाल बुरा हो गया। इसके साथ ही, जो तस्वीरें सामने आईं, उन्होंने समाज की संवेदनशीलता की कमी को भी उजागर कर दिया।
लोग मछली पकड़ने में लगे रहे
देखा गया कि, जहां एक तरफ सड़क किनारे छात्र का शव पड़ा था और परिवार गहरे सदमे में था, वहीं कुछ लोग पिकअप वाहन से गिर गई मछलियों को उठाने में लगे हुए थे। कोई मछलियों की बोरी भर रहा था, तो कोई हाथों में पकड़कर भागते दिखे। किसी ने न तो एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की और न ही बच्चे की मदद करने का प्रयास किया।
ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुपरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
