Jaisalmer Road Accident: राजस्थान के जैसलमेर शहर में गुरुवार दोपहर एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया। गफूर भट्टा इलाके में जीवनियाई तालाब के पास स्थित तिराहे पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित हो गई और सड़क किनारे पैदल चल रही तीन सगी बहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जैसलमेर में रफ्तार का कहर!
इतने बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह घटना दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय तोगाराम खत्री अपनी कार से शहर की ओर जा रहे थे। इसी बीच, जीवनियाई तालाब के पास बने स्पीड ब्रेकर पर तेज गति के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पैदल चल रही बहनों से जा टकराई।
20 फीट तक घसीटते हुए ले गई कार
बताया जा रहा है कि, अनियंत्रित हुई कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही तीन युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 18 वर्षीय रवीना को वाहन लगभग 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद कार सीवरेज नाले को पार करते हुए एक मकान की दीवार से जा भिड़ी। इस दौरान रवीना कार और दीवार के बीच बुरी तरह फंस गई, जिसके कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जांच शुरू
हादसे का शिकार हुई तीन बहनें रवीना, कल्पना और ममता मूल रूप से जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र की रहने वाली हैं। वे जैसलमेर में अलग-अलग होटलों और रिसॉर्ट्स में कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत कर अपना गुजारा करती थीं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और काफी कोशिशों के बाद घायल युवती को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जवाहिर अस्पताल में चिकित्सकों ने रवीना को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कल्पना और ममता का इलाज जारी है। इस घटना में वाहन चालक तोगाराम भी चोटिल हुआ है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
