शहर

ड्रम में मिला एक और शव, बेटा बना पिता का कातिल; लखनऊ में मची सनसनी

लखनऊ के आशियाना क्षेत्र के सेक्टर-एल में एक सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई। पैथोलॉजी संचालक मानवेंद्र सिंह का शव उनके ही घर में संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में बेटे को हिरासत में लिया, जिसके बाद से एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी है।

Image

लखनऊ में पैथोलॉजी संचालक की मौत से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lucknow Pathology Operator Death: लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-एल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पैथोलॉजी संचालक का शव उनके घर से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान मकान की अलग-अलग मंजिलों से शव के हिस्से बरामद किए। मृतक की पहचान सेक्टर-एल निवासी मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो वर्धमान पैथोलॉजी के संचालक थे। वह अपने बेटे अक्षत प्रताप सिंह उर्फ राजा और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का करीब नौ वर्ष पहले निधन हो चुका था।

आखिर किसने की हत्या?

बताया जा रहा है कि 23 फरवरी को बेटे अक्षत ने ही आशियाना थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि सोमवार शाम पड़ोसियों ने घर से आ रही बदबू की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां शव के अलग-अलग हिस्से बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के 21 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में उसने मंजूर किया कि 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे किसी बात को लेकर बाप-बेटे के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर भूतल पर मौजूद एक खाली कमरे में रखा। इसके बाद शव के कुछ अंग काटकर कथित रूप से सदरौना क्षेत्र के पास फेंक दिए। बाकी हिस्से को एक ड्रम में छिपाकर रखा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जमा किए हैं। फिलहाल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article