शहर

एक रसगुल्ले के लिए मासूम को तंदूर में फेंका, यूपी में इंसानियत शर्मसार; बच्चे की चीखों से शादी समारोह में मचा हड़कंप

UP Crime: बस्ती जिले में शादी समारोह के दौरान एक 11 साल के बच्चे को रसगुल्ला खाने के विवाद में जलते तंदूर में फेंकने का आरोप लगा है। बच्चा गंभीर हालत में लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।

Image

बस्ती में दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी फरार (Photo: Times Now Navbharat/AI)

UP Crime: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह में एक मासूम बच्चे को सिर्फ रसगुल्ला खाने की वजह से जलते तंदूर में फेंक देने का आरोप है। जलने की वजह से बच्चा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है, जिसको इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बता दें कि छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गोसाई गांव में एक विवाह समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज एक रसगुल्ले के विवाद में कैटरिंग ठेकेदार ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक 11 वर्षीय बालक को जलते हुए तंदूर में फेंक दिया।

बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलसा

आग की लपटों से बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया है। उसे गंभीर अवस्था में लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना के दुर्जनपुर गांव का निवासी 11 वर्षीय चमन अपनी मां के निधन के बाद से ही बस्ती (Basti Incident) के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। शादी में खुशी का माहौल था और चमन खेल-कूद रहा था। इसी दौरान वह भोजन स्थल पर गया और वहां रखे रसगुल्ले निकाल कर खाने लगा। आरोप है कि बार-बार रसगुल्ला निकालने पर वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार अपना आपा खो बैठा।

तंदूर से बच्चे की चीखें सुनकर शादी समारोह में मचा हड़कंप

उसने पहले बच्चे को पकड़कर डराया और फिर उसे उठाकर जलते हुए तंदूर के ऊपर बिठा दिया इसी बीच अनियंत्रित होकर बच्चा सीधे तंदूर के भीतर जा गिरा। तंदूर से बच्चे की चीखें सुनकर शादी समारोह में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। उसे तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी

नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गया है। पीड़ित बच्चे के मामा देवीदीन निषाद ने आरोपी तंदूर कारीगर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक बच्चा आग में जल गया है, जिस मामले में एक अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया, आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article