Sonipat Crime: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना शहर (Gohana Murder) की देवीनगर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 23 साल की युवती की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद लोग हैरान हैं। मृतक युवती का नाम चीनू बताया जा रहा है, जो नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हत्या का आरोप उसके पिता अनिल पर लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पिता ने ही अपनी बेटी का गला रेतकर उसकी जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच के बाद सच आएगा सामने-पुलिस
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। अभी तक हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद या किसी प्रेम संबंध को लेकर शक जताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गोहाना के डीसीपी जितेंद्र गहलावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई जल्द सामने लाई जा सके।
पार्षद नरेंद्र कुमार ने भी घटना पर जताया दुख
वहीं, स्थानीय पार्षद नरेंद्र कुमार ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि युवती की उम्र करीब 23 साल थी और यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले की असली वजह सामने आएगी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है। इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर एक पिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
