Gujarat News: कभी-कभी कहानियां डरावनी नहीं होतीं…बल्कि सच्चाई ही इतनी भयावह होती है कि किसी भी कहानी को मात दे दे। गुजरात के ध्रांगध्रा के पुनीतनगर इलाके से सामने आया यह मामला उसी सच्चाई का आईना है, जहां अंधविश्वास ने एक मासूम की जिंदगी निगल ली। चार साल के कार्तिक की हत्या के मामले में गिरफ्तार तांत्रिक महिला रेहानाबेन मायाक को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
कहां से शुरू हुआ पूरा मामला?
इस मामले की शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है, जहां पहले से चार बेटियां थीं। बेटे की चाह में परिवार रेहाना बेन के संपर्क में आया, जो खुद को ‘माताजी का भुवा’ बताती थी। उसने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह उनके घर बेटे का जन्म करवा सकती है। समय बीता और कार्तिक का जन्म हुआ। परिवार ने इसे चमत्कार माना, लेकिन असली खेल तो इसके बाद शुरू हुआ।
रेहाना बेन ने दी परिवार को धमकी
आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद तांत्रिक महिला ने परिवार से पशु बलि की मांग की। कथित तौर पर पहले ही यह शर्त रखी गई थी कि बेटा होने पर बलि चढ़ानी होगी। लेकिन किसी कारणवश परिवार ने बकरी की बलि नहीं दी। यहीं से विवाद शुरू हुआ। रेहाना बेन ने परिवार को धमकी दी कि अगर बलि नहीं दी गई तो पूनम के दिन उनके घर कुछ अनहोनी होगी।
अचानक हुआ कार्तिक लापता
परिवार ने इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन 2 अप्रैल को अचानक कार्तिक लापता हो गया। तलाश शुरू हुई, चिंता बढ़ती गई और अगले ही दिन पड़ोस में स्थित उसी तांत्रिक महिला के घर की पानी की टंकी से कार्तिक का शव मिला। उस वक्त बच्चे की कम उम्र को देखते हुए परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया और मामला जैसे थम गया। लेकिन वक्त के साथ शक ने फिर सिर उठाया। पिता को तांत्रिक की दी गई धमकी याद आई, पूनम का दिन, वही समय और वही घर, जहां से शव मिला था। तब जाकर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
हत्या कैसे और क्यों की गई?
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम की अनुमति ली और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि यह प्राकृतिक मौत नहीं, बल्कि हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रेहाना बेन मायाक को गिरफ्तार कर लिया। अब रिमांड के दौरान पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या कैसे और क्यों की गई, क्या इसमें कोई और शामिल था और क्या आरोपी पहले भी ऐसे किसी अपराध में लिप्त रही है।
