शहर

Greater Noida: शाहबेरी को NH9 से जोड़ने के लिए डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की तैयारी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शाहबेरी से एनएच-9 तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। परियोजना प्रस्ताव पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मुहर लग सकती है।

Image

शाहबेरी से NH-9 तक बनेगी यूपी की पहली 'डबल डेकर' एलिवेटेड रोड (सांकेतिक फोटो)

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गाजियाबाद और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द ही भीषण जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क को सीधे NH-9 से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश की पहली 'डबल डेकर' एलिवेटेड रोड के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में आज इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

परियोजना की मुख्य विशेषताएं और लागत

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब 2.5 किलोमीटर लंबी होगी। यह सड़क 'एक के ऊपर एक' (दो मंजिला) एलिवेटेड फॉर्मेट में तैयार की जाएगी। पहली मंजिल ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए इस्तेमाल होगी। वहीं, दूसरी मंजिल गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा वेस्ट आने वाले ट्रैफिक के लिए होगी। इस योजना में आने-जाने दोनों दिशाओं में 3-3 लेन का प्रावधान होगा। इस पूरे मेगा प्रोजेक्ट में करीब ₹1,200 करोड़ का खर्च आने का अनुमान है।

एलिवेटेड रोट का रूट और कनेक्टिविटी

यह एलिवेटेड रोड ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क से शुरू होगी और शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए सीधे NH-9 से कनेक्ट होगी। हालांकि वर्तमान सड़क पहले की तरह स्थानीय निवासियों और वाहनों की आवाजाही के लिए खुली रहेगी। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड नीचे से 10 मीटर चौड़ी होगी, जिससे नीचे के ट्रैफिक पर कोई दबाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (PWD) ने NH-9 से शाहबेरी पुलिया तक की मौजूदा सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है, जिससे क्रॉसिंग रिपब्लिक और आसपास की सोसायटियों को दोहरा लाभ मिलेगा।

चार एजेंसियां मिलकर उठाएंगी खर्च

परियोजना को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संयुक्त रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। निर्माण में आने वाला कुल खर्च भी ये चारों संबंधित एजेंसियां मिलकर वहन करेंगी।

जल्द सौंपी जाएगी अंतिम डीपीआर

एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के अनुसार, एनएच-9 से शाहबेरी तक सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। जिसके बाद डीपीआर तैयार कर इसका तकनीकी अध्ययन किया जा रहा है। यदि इसमें किसी सुधार या बदलाव की जरूरत होती है, तो उसे ठीक कर अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) जल्द ही प्राधिकरण को सौंप दी जाएगी।

इस एलिवेटेड रोड के बनने से शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक और तिगरी गोलचक्कर पर लगने वाले सालों पुराने जाम की समस्या पूरी तरह समाप्त होने की उम्मीद है। साथ ही इससे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) से ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सफर भी बस चंद मिनटों का रह जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!