शहर

राजगढ़ में डकैतों का तांडव: हथियारबंद बदमाशों ने सराफा बाजार को बनाया निशाना, सदमें से गई बुजुर्ग की जान

एमपी राजगढ़ जिले में स्थित सराफा बाजार की कई दुकानों में हथियारों से लैस बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के दौरान दुकान में सो रहे एक बुजुर्ग के पैर में सब्बल घुस गया तो वहीं एक व्यापारी के पिता की सदमे ले मौत हो गई।

Image

राजगढ़ में डकैतों का तांडव (Photo - Canva)

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर बुधवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब 10 से 12 हथियारों से लैस बदमाशों ने सराफा बाजार में कई दुकानों को निशाना बनाते हुए डकैती की वारदात को अंजाम देने पहुंचे। हथियारबंद बदमाश गुलेल, सब्बल और पिस्तौल लेकर आए थे और उन्होंने सर्राफा कारोबारियों की दुकानों के ताले तोड़े और डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

सबूत मिटाने के लिए बदमाशों ने तोड़े सीसीटीवी कैमरा

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले सराफा कारोबारी राजेंद्र विजय वर्गी की दुकान को अपना निशाना बनाया। यहां ताला तोड़कर डकैत करीब एक किलो चांदी, तीन तोला सोना और लगभग तीन लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए। वारदात के दौरान सबूत मिटाने के इरादे से बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसके बाद बदमाशों ने सचिन सोनी की बागेश्वर ज्वेलर्स की दुकान का ताला तोड़ा और वहां से अलमारी में रखे 32 हजार रुपए नकद, करीब 200 ग्राम चांदी सहित अन्य सामान चुरा लिया।

डकैती के दौरान एक बुजुर्ग के पैर में लगा सब्बल

बताया जा रहा है कि जिस समय बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त 75 वर्षीय बुजुर्ग गोपाल चंद्र सोनी दुकान के अंदर ही सो रहे थे। आहट लगने पर उनकी नींद खुली और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान बदमाशों ने लोहे का सब्बल अंदर की ओर घुसा दिया, जो बुजुर्ग के पैर में जा घुसा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। वारदात के दौरान बदमाशों ने गुलेल से पत्थर बरसाए और फायरिंग भी की। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।

लोगों को देख घबराए बदमाशों ने की फायरिंग

डकैती के बाद जब शोर सुनकर आसपास के लोग जागे तो उन्होंने बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान बदमाश बांसवाड़ा क्षेत्र की ओर भाग निकले। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग करते हुए गुलेल से पत्थर फेंके। इस हमले में कमल मेवाड़े की आंख में चोट आई, जबकि अमित नामक युवक की पीठ में चोट लगी।

सूचना पाकर राजगढ़ एसपी अमित कुमार तोलानी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की अन्य टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। एसपी ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

डकैती की खबर सुनकर सदमें में गई बुजुर्ग की जान

डकैती की खबर सुनकर बागेश्वर ज्वेलर्स के मालिक सचिन सोनी के पिता सुंदरलाल सोनी गहरे सदमे में आ गए। उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article