शहर

ऋषिकेश के प्रॉपर्टी डीलर के साथ देहरादून में लूट, तीन पुलिसकर्मी समेत 7 गिरफ्तार

उत्तराखंड में ऋषिकेश के प्रॉपर्टी डीलर के साथ कुछ बदमाशों ने देहरादून में लूटे लाखों रुपये। डॉलर से रुपये में पैसे बदलने के नाम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाली 3 पुलिसकर्मी समेत 7 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

ऋषिकेश के प्रॉपर्टी डीलर के साथ देहरादून लूट

उत्तराखंड की विंटर कैपिटल देहरादून में ऋषिकेश के एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये की लूटपाट की घटना सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लूट करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को बदमाशों के पास से 2.30 लाख रुपये और 500 डॉलर मिले। पुलिस ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अन्य दो आरोपियों का भी पता लग गया है, जिनको गिरफ्तार करने के आवश्यक सारे प्रयास किए जा रहे हैं।

देहरादून में ऋषिकेश के व्यक्ति के साथ लूटपाट

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि ऋषिकेश के आदर्श ग्राम निवासी प्रॉपर्टी डीलर यशपाल सिंह असवाल ने यहां (देहरादून) प्रेमनगर थाने में लूटपाट के संबंध में शिकायत दी थी जिस पर कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारियां की गई। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान इकरार (43) फिलहाल प्रेमनगर थाने में तैनात है जबकि दो अन्य, अब्दुल रहमान (34) और सालम (32) की तैनाती प्रेमनगर क्षेत्र के झाझरा में स्थित भारत रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के रूप में की है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान उत्तरकाशी जिले के मोरी के निवासी राजकुमार (35), राजेश रावत (40), चमोली के निवासी कुंदन सिंह नेगी (45) और हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के निवासी राजेश कुमार चौहान (59) के रूप में हुई है।

पीड़ित के पैसे लूट की गई मारपीट

असवाल ने रविवार को दी अपनी शिकायत में कहा कि कुछ समय पूर्व उनकी मुलाकात कुंदन नेगी से हुई जिसने उन्हें बताया कि मोरी निवासी उनके परिचितों के पास करीब बीस हजार डॉलर हैं और वे उन्हें, रुपयों में बदलवाना चाहते हैं। असवाल ने शिकायत में बताया कि उनके और नेगी के बीच यह सौदा करीब आठ लाख रुपये में तय हुआ। शिकायत के अनुसार, 31 जनवरी को वह डॉलर खरीदने के लिए साढ़े सात लाख रुपये लेकर झाझरा में बालाजी मंदिर के पास पहुंचे जहां उन्हें नेगी के अलावा चार और लोग मिले। इसमें कहा गया कि अचानक दो और लोग आए जो खुद को पुलिस वाले बता रहे थे। असवाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने डरा धमका कर उनका रुपयों से भरा बैग छीन लिया और उसमें से ढ़ाई लाख रुपये लौटाते हुए उसके साथ मारपीट कर फरार हो गए।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार असवाल ने बताया कि दो पुलिसवालों में से एक वर्दी में था जबकि दूसरा सादे कपड़ों में था। एसएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक टीम गठित कर जांच शुरू की गयी। उन्होंने बताया कि टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई तथा मामले में तीन पुलिसकर्मियों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 2.30 लाख रुपये तथा 500 डॉलर बरामद हुए हैं। सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों के बारे में भी पता चला है जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article