शहर

मासूम की खामोशी के पीछे छिपा था दर्द; लखनऊ में नर्सरी की छात्रा से दुष्कर्म करने वाला वैन ड्राइवर गिरफ्तार

लखनऊ में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्कूल वैन के ड्राइवर ने 4 वर्षीय नर्सरी छात्रा से दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

लखनऊ में मानवता शर्मसार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र से एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट स्कूल की वैन चलाने वाले ड्राइवर पर चार साल की नर्सरी छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ित बच्ची की मां के अनुसार, उनकी चार साल की बेटी राजाजीपुरम स्थित एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। माता-पिता दोनों प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करते हैं, इसलिए बच्ची को स्कूल लाने और छोड़ने के लिए उन्होंने स्कूल वैन की सुविधा ले रखी थी। यह वैन उन्नाव निवासी गिरीश मिश्रा चलाता था, जिसे पुलिस ने आरोपी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

पेट में तेज दर्द और बुखार की शिकायत

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी, तब वह काफी डरी और सहमी हुई दिखाई दे रही थी। उस समय उसकी तबीयत भी ठीक नहीं लग रही थी, लेकिन परिवार ने इसे सामान्य अस्वस्थता समझकर अधिक ध्यान नहीं दिया। अगले दिन बच्ची की हालत अचानक और बिगड़ गई। उसे पेट में तेज दर्द और बुखार की शिकायत होने पर परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की। यह जानकारी मिलते ही माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।

आरोपी को देख फूट-फूटकर रोने लगी मासूम

पीड़िता की मां ने बताया कि जब उन्होंने बेटी से घटना के बारे में पूछने की कोशिश की, तो वह डर के कारण कुछ भी नहीं बता सकी। इसके बाद परिवार ने तालकटोरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल वैन चालक गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान जब बच्ची का सामना आरोपी से कराया गया, तो वह उसे देखते ही फूट-फूटकर रोने लगी। इसके बाद उसने अपनी मां को बताया कि आरोपी काफी समय से उसके साथ गलत हरकतें कर रहा था। बच्ची की बात सुनकर परिवार स्तब्ध रह गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित के अनुसार, पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है, जबकि बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस स्कूल वैन से जुड़े अन्य बच्चों और स्कूल स्टाफ से भी जानकारी जुटा रही है तथा मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article