शहर

मुजफ्फरनगर में स्कूल वैन में लगी आग, 5 बच्चे घायल; शॉर्ट सर्किट से हादसा

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में स्कूल वैन में आग लगने से पांच बच्चे और चालक गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण संभवत: शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा

Image

मुजफ्फरनगर में स्कूल वैन में लगी आग (फोटो-AI)

मुजफ्फरनगर : जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के समसपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन में आग लगने से पांच बच्चे और चालक गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब आशीष इंग्लिश एकेडमी की वैन करीब 10 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक शॉर्ट शर्किट हुई और वैन में आग लग गई। इससे पहले चालक कुछ समझ पाता आग ने तेजी पकड़ ली। हालांकि, आनन-फानन में दरवाजा खोलकर बच्चों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ बच्चे मामूली तौर पर झुलस गए। गनीमत ये रही कि बच्चों ने खुद प्रयास कर बाहर निकलने का प्रयास किया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद स्कूल वाहनों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दमकल विभाग की टीमों ने बुझाई आग

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पांच बच्चों और चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण संभवत: शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद क्षेत्र के तमाम स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल वाहनों की नियमित जांच आवश्यक है। अगर, ऐसा नहीं हो रहा है तो बच्चों के जीवन से खिलवाड़ हो रहा है। इसके लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, वरना आगे भी हादसों की खबरें सामने आ सकती हैं। ये जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि स्कूल प्रशासन को गंभीरता से सुरक्षा पुख्ता कराना होगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article