शहर

सतना में बारिश का तांडव! 3 घंटे की मूसलाधार बरसात से डूबा शहर, BJP कार्यालय में भरा 4 फीट पानी

Satna News: सतना में बुधवार को मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बेहद प्रभावति किया। बारिश के बाद कई सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। भाजपा कार्यालय परिसर में करीब चार फीट पानी भर गया।

Image

बारिश से सतना बेहाल, बरदाडीह समेत कई इलाकों में भरा पानी

Photo : Times Now Digital

Satna Waterlogging: मध्य प्रदेश के सतना जिले में बुधवार को कुदरत के तेवर बेहद तीखे नजर आए। सुबह से जारी झमाझम बारिश ने महज तीन घंटों में ही 56 मिमी का आंकड़ा छू लिया। जिससे शहर के कई इलाकों में पानी भरने के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई रिहायशीऔर व्यावसायिक इलाके भी जलमग्न हो गए। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा कार्यालय परिसर में करीब चार फीट तक पानी भर गया।

दफ्तर से लेकर गलियों तक सब पानी-पानी

लगातार भारी बारिश के कारण पानी की निकासी व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। भाजपा कार्यालय परिसर के भीतर और आसपास करीब 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे वहां रखा सामान और दस्तावेज भी प्रभावित हुए। शहर का बरदाडीह इलाका भी पूरी तरह पानी से घिर गया। नालियों में जलनिकासी बाधित होने से बारिश का गंदा पानी सड़कों और लोगों के घरों पास पहुंच गया।

बाजारों में भी कम दिखी आवाजाही

बारिश के कारण शहर के निचले हिस्से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। यहां जलभराव के चलते लोगों के घरों में पानी घुसने की नौबत आ गई। सड़कें भी जलभराव के कारण तालाब जैसे नजर आ रही है।इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव से दोपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी भरने से गाड़ियां बंद होती नजर आईं। इतना ही नहीं, हमेशा व्यस्त दिखने वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी सन्नाटा पसर गया और वाहन चालकों को जलमग्न सड़कों से रेंग-रेंगकर बेहद सावधानी से निकलना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में भी आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article