संयुक्त किसान मोर्चा जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के हक की लड़ाई को तेज करने जा रहा है। मोर्चा से जुड़े विभिन्न किसान संगठन 6 नवंबर को एक बैठक आयोजित करेंगे, जिसमें आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इससे पहले, सोमवार को मेरठ के खरखौदा में मोर्चा के विस्तार के लिए एक पंचायत आयोजित की गई है। इस पंचायत में किसानों की लंबित मांगों जैसे 64.7% अतिरिक्त मुआवजा, आबादी भूखंड, रोजगार और नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मुआवजा आदि पर चर्चा की जाएगी।
छह नवंबर को बैठक
किसान नेता सुनील फौजी ने बताया कि 6 नवंबर की बैठक में सभी संगठन मिलकर आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होंगे। उन्होंने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए चिटहेरा, पल्ला, पाली, बोड़ाकी, दतावली और रामगढ़ आदि गांवों में पहले से ही जनजागरण और सदस्यता अभियान चलाया जा चुका है और अब इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
