शहर

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने कार को पीछे से रौंदा, ड्राइवर समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर

Wardha Road Accident: महाराष्ट्र के वर्धा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा देखने को मिला, जहां आयशर ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें पांच लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Image

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने कार को पीछे से रौंदा, चालक समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर

Samruddhi Expressway Accident: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में 'समृद्धि एक्सप्रेसवे' एक बार फिर रफ्तार के कहर और दर्दनाक मौत का गवाह बना है। वर्धा पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलगांव पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विरुळ इंटरचेंज के पास एक बेहद भीषण सड़क हादसा हो गया है।

इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

ट्रक ने कार में मारी जोरदार टक्कर

हादसे के संबंध में पुलगांव पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब एक्सप्रेसवे पर तेजी से जा रहे एक आयशर (Eicher) ट्रक के ड्राइवर ने आगे चल रही कार पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से बेहद जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण टक्कर के चलते कार के भीतर मौजूद ड्राइवर सहित चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गंभीर चोटों के कारण आयशर ट्रक के चालक ने भी इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया। ट्रक का क्लीनर इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राहत और बचाव कार्य जारी, हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे सुरक्षा पुलिस और पुलगांव थाना पुलिस की टीमें तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे शवों को बाहर निकाला।

इस भीषण दुर्घटना के कारण समृद्धि एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया था और वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। पुलिस प्रशासन ने सभी मृतकों के शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल में भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article