Sambhal Honour Killing: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में ऑनर किलिंग की एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। वह अपनी बहन के हिंदू युवक से प्रेम संबंधों से नाराज था। जिसके चलते उसने बहन की जान ले ली। मृतक युवती की पहचान 19 वर्षीय रूपजहां के रूप में हुई है। आरोपी ने वारदात के बाद खुद ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गांव के हिंदू युवक से था प्रेम संबंध
यह घटना असमोली थाना क्षेत्र के गांव मताबली पट्टी जग्गू की है। पुलिस ने बताया कि रूपजहां अपने गांव के एक हिन्दू युवक से प्यार करती थी। युवक भी उससे विवाह करना चाहता था। कुछ दिन पहले ही वह रूपजहां को अमरोहा में अपनी बुआ के घर लेकर गया था। वहां युवती ने खुद को बालिग बताते हुए युवक के साथ शादी करने की इच्छा जताई थी। मामला सामने आने के बाद गांव के कुछ संभ्रांत लोगों की मदद से परिजन युवती को वापस घर ले आए। लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते से बेहद नाराज थे।
भाई ने गुस्से में दबाया बहन का गला
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात रूपजहां के बड़े भाई जाने आलम का बहन से इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जहां उसने गुस्से में उसने कथित तौर पर रूपजहां का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात ये है कि वारदात के बाद आरोपी भाई ने खुद डायल 112 पर फोन किया और पुलिस को हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी असमोली कुलदीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घर के फरार सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
