बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। कजिया गांव में स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी और थाने के सामने टायर जलाकर प्रदर्शन किया।
बिहार में दिनदहाड़े छात्रा की हत्या
मृतक छात्रा की पहचान कजिया गांव निवासी सोनम कुमारी पुत्री उमेश ठाकुर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह स्कूल यूनिफॉर्म में पैदल स्कूल जा रही थी। पुलिस के अनुसार, छात्रा स्कूल जाने के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। तभी बाइक सवार हमलावर उसके पास पहुंचे और छात्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से मिले चार खोखे
घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। छात्रा की मां संगीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी की उस युवक से बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था, उसने घटना से एक दिन पहले भी शादी के लिए धमकी दी थी। परिवार का दावा है कि उसी युवक ने गोली मारकर उनकी बेटी की हत्या की।
एसपी पहुंचे अस्पताल, जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह और सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी संजय कुमार पांडे भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इलाके में तनाव, पुलिस तैनात
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
