शहर

बिहार में दिनदहाड़े 12वीं की छात्रा की हत्या, स्कूल जाते समय हमलावरों ने मारी गोली; आरोपी की पहचान

बिहार के समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं। परिवार की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है, जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Image

बिहार में दिनदहाड़े छात्रा की हत्या

Photo : ANI

बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। कजिया गांव में स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी और थाने के सामने टायर जलाकर प्रदर्शन किया।

मृतक छात्रा की पहचान कजिया गांव निवासी सोनम कुमारी पुत्री उमेश ठाकुर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह स्कूल यूनिफॉर्म में पैदल स्कूल जा रही थी। पुलिस के अनुसार, छात्रा स्कूल जाने के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। तभी बाइक सवार हमलावर उसके पास पहुंचे और छात्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटनास्थल से मिले चार खोखे

घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। छात्रा की मां संगीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी की उस युवक से बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था, उसने घटना से एक दिन पहले भी शादी के लिए धमकी दी थी। परिवार का दावा है कि उसी युवक ने गोली मारकर उनकी बेटी की हत्या की।

एसपी पहुंचे अस्पताल, जांच तेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह और सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी संजय कुमार पांडे भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!