शहर

दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात; रिटायर्ड RBI कर्मचारी की चाकू गोंदकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में एक व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Image

दिल्ली में सनसीखेज वारदात से सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में एक दर्दनाक चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें एक सेवानिवृत्त व्यक्ति की मौत हो गई। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार आज शाम करीब 05:36 बजे मंदिर मार्ग थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें अंध विद्यालय, दिल्ली के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला होने की सूचना दी गई थी। कॉलर ने बताया कि उसके चाचा को चाकू मारा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) मंदिर मार्ग अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां प्रथम तल पर एक कमरे में एक व्यक्ति, जिनकी पहचान मदन मोहन (माधो राम) के रूप में हुई, गंभीर चाकू के घावों के साथ घायल अवस्था में पड़े मिले।

जांच के लिए विशेष टीमों का गठन

बताया जा रहा है कि, उन्हें तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल का क्राइम टीम द्वारा निरीक्षण किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक आरबीआई से रिटायर्ड एमटीएस कर्मचारी थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

युवक की चाकू मारकर हत्या के आरोप में 6 नाबालिग पकड़े गए

वहीं, उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके समयपुर बादली में 19 वर्षीय एक युवक की हत्या के आरोप में छह नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और स्थानीय जानकारी जुटाने के बाद शनिवार को आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि यह हत्या 14 अप्रैल की शाम को एमसीडी कॉलोनी इलाके में हुई, जब राजीव नामक युवक पर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि समयपुर बादली थाने में शाम लगभग 7.44 बजे चाकूबाजी की घटना की सूचना पुलिस को मिली। टेम्पो चालक राजीव को शालीमार बाग स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विवाद 13 अप्रैल को शुरू हुआ, जब स्थानीय लोगों का एक समूह पीड़ित के आवास के पास इकट्ठा हुआ, जिसके परिणामस्वरूप तीखी बहस हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "अगली शाम को उस समय टकराव और बढ़ गया जब समूह वापस आया और राजीव पर चाकू से हमला कर दिया।" समयपुर बादली थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने छह नाबालिगों को पकड़ा जिनमें से 15 वर्षीय नाबालिग ने कथित तौर पर जानलेवा चोट पहुंचाई थी। अन्य नाबालिगों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है। पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान की गई अपमानजनक टिप्पणियों के कारण ही जवाबी हमला हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य की पहचान और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article