शहर

दिल्ली: हौज खास में AC ब्लास्ट के कारण घर में लगी आग, पूर्व IAS अधिकारी की मौत, बेटा घायल

Hauz Khas Fire Incident: दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में एक घर में आग लगने से 80 वर्षीय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। घटना में उनका बेटा भी झुलस गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Image

देर रात दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

Photo : iStock

Hauz Khas Fire Incident: दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में एक घर में आग लगने से 80 वर्षीय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की मौत (Retired IAS officer Dhanendra Kumar death) हो गई, जबकि उनका बेटा झुलस गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अनंत मित्तल ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी धनेंद्र कुमार के रूप में हुई है। धुएं के कारण दम घुटने से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:10 बजे हौज खास स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल के दो वाहनों लगे

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए दमकल के दो वाहनों को लगाया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि घर से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद कुमार और उनके बेटे को अस्पताल ले जाया गया। जहां कुमार की जान नहीं बचाई जा सकी, वहीं उनका बेटा उपचाराधीन है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि घर में लगे एसी के कमरे के अंदर वाले हिस्से में विस्फोट होने के कारण यह आग लगी होगी।

घटना के समय घर में पांच लोग थे मौजूद

उन्होंने बताया कि घटना के समय घर के अंदर परिवार के सदस्यों और घरेलू सहायकों समेत पांच लोग मौजूद थे।जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए शॉर्ट-सर्किट या बिजली की गड़बड़ी की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और इस स्तर पर किसी भी तरह की साजिश की आशंका नहीं है। मामले की जांच जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article