शहर

Dussehra 2023: अलीगढ़ में रावण ही नहीं सोने की लंका भी होगी दहन, एक महीने से जारी हैं तैयारी

अलीगढ़ में इस बार रावण दहन के साथ सोने की लंका भी जलती हुई दिखेगी। यहां पर पिछली तीन पीढ़ियों से एक मुस्लिम परिवार रावण के पुतले बनाने का काम कर रहा है। इस बार भी पिछले एक महीने से पूरा परिवार दशहरे के लिए पुतले बनाने के काम में जुटा है।

Image

अलीगढ़ में रावण के साथ लंका भी जलेगी (फोटो साभार- istock)

Aligarh Dussehra Celebration: आज दशहरा के मौके पर देशभर में रावण का दहन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी रावण दहन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज यहां पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का दहन तो होगा ही, इसके साथ ही लोगों को सोने की लंका भी दहन होते हुए दिखाई देगी। अलीगढ़ में पिछले एक महीने से दशहरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थी। यहां के रावण के पुतले की खासियत ये है कि इसे तैयार करने वाला कारीगर एक मुस्लिम परिवार है। अलीगढ़ में पिछले तीन पीढ़ियों से दशहरे के लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बनाने का काम ये परिवार कर रहा है। इस काम में परिवार के आदमियों के साथ ही घर की औरतें भी पूरा साथ देती हैं।

पुतले बनाने का पुश्तैनी काम

अलीगढ़ में पिछले तीन पीढ़ियों से अशफाक का परिवार रावण के पुतले बनाने का काम कर रहा है। अशफाक बुलंदशहर के रहने वाले हैं और अपने परिवार के साथ अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में रह रहें हैं। उनके परिवार में 12 सदस्य हैं। अशफाक का परिवार पूरे जी जान से पुतलों को बनाने का काम करता है, इस बार के दशहरे के लिए पिछले एक महीने से ये लोग जुटे हुए हैं। अश्फाक के लिए उनका ये काम पुश्तैनी है जिसे वे पूरी लगन से करते हैं।

इस बार का दशहरा

अलीगढ़ के दशहरे में इस बार काफी कुछ नया देखने को मिलेगा। यहां के दशहरे उत्सव में इस बार रावण हंसता हुआ भी नजर आएगा, साथ ही इस बार भगवान राम बाण से रावण का वध करते हुए भी दिखेंगे। लोगों को इस बार दशहरे में लंका दहन भी देखने को मिलेगा। जिसके लिए यहां सारी तैयारियां हो चुकी हैं। आज रावण के दहन के साथ ही अच्छाई की बुराई पर जीत का मैसेज एक बार फिर लोगों के बीच पहुंचेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article