चाईबासा: झारखंड में गुटीय झगड़े में दो नक्सली कथित तौर पर मारे गए। पुलिस ने बताया कि मृतक ‘पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएलएफआई) के सदस्य थे और यह घटना पश्चिमी सिंहभूम तथा खूंटी जिले की सीमा पर स्थित बंदगांव थाना क्षेत्र में हुई। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि यह विवाद इसलिए हुआ क्योंकि ये नक्सली पीएलएफआई से अलग होकर अलग संगठन बनाने की योजना बना रहे थे।
(सांकेतिक फोटो)
उन्होंने बताया कि ऐसा संदेह है कि यह घटना रविवार रात को घटी और पुलिस ने सोमवार को शव बरामद किये। मारे गए नक्सली पहले जेल जा चुके थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के हुसीपी के जंगलों में तलाशी ली और ये हथियार बरामद किए। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया और बम निरोधक दस्ते ने 10-10 किलोग्राम के दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नष्ट कर दिए। बरामद किये गये हथियारों में एक देसी पिस्तौल, दो कार्बाइन, एक ‘बोल्ट एक्शन राइफल’, 13 .303 बोर कारतूस, 7.62 मिमी के आठ गोला-बारूद, 58 डेटोनेटर सहित कई सामान बरामद किया गया है। अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।
