राँची

झारखंड में नक्सलियों का खूनी खेल, गुटीय झगड़े में दो की मौत; PLFI बना विवाद का कारण

झारखंड में गुटीय झगड़े में दो नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सली पहले जेल जा चुके थे। ये नक्सली पीएलएफआई से अलग होकर अलग संगठन बनाने की योजना बना रहे थे।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

चाईबासा: झारखंड में गुटीय झगड़े में दो नक्सली कथित तौर पर मारे गए। पुलिस ने बताया कि मृतक ‘पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएलएफआई) के सदस्य थे और यह घटना पश्चिमी सिंहभूम तथा खूंटी जिले की सीमा पर स्थित बंदगांव थाना क्षेत्र में हुई। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि यह विवाद इसलिए हुआ क्योंकि ये नक्सली पीएलएफआई से अलग होकर अलग संगठन बनाने की योजना बना रहे थे।

उन्होंने बताया कि ऐसा संदेह है कि यह घटना रविवार रात को घटी और पुलिस ने सोमवार को शव बरामद किये। मारे गए नक्सली पहले जेल जा चुके थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।

हथियार बरामद

पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के हुसीपी के जंगलों में तलाशी ली और ये हथियार बरामद किए। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया और बम निरोधक दस्ते ने 10-10 किलोग्राम के दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नष्ट कर दिए। बरामद किये गये हथियारों में एक देसी पिस्तौल, दो कार्बाइन, एक ‘बोल्ट एक्शन राइफल’, 13 .303 बोर कारतूस, 7.62 मिमी के आठ गोला-बारूद, 58 डेटोनेटर सहित कई सामान बरामद किया गया है। अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article