उत्तरकाशी के टनल हादसे में फंसे मजदूर के भाई की भी गई जान
हादसे के बाद एनएच-33 बुरी तरह जाम हो गया। जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर को पुलिस की पीसीआर वैन ने अचानक रोका तो पीछे से आ रहे ट्रेलर ने ट्रैक्टर सहित दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर एक तरफ पलट गया, जबकि दोनों कार और ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में दो की पहचान हुई है। इनमें दिनेश बेदिया (24) और शंकर बेदिया (27) शामिल हैं। ये दोनों उत्तरकाशी के टनल हादसे में फंसे मजदूरों राजेंद्र बेदिया और सुकराम बेदिया के चचेरे भाई थे।
एक अन्य मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस की पीसीआर वैन ने ट्रैक्टर को अवैध वसूली के लिए रोका था। हादसा इसी वजह से हुआ। हाईवे पर सुबह 10 बजे से अब तक दोनों तरफ लंबा जाम लग गया है।
