Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में हाईवे के टोल प्लाजा पर में मंगलवार को हाई मास्ट लाइट टावल गिर गया था। इसकी चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई थी, वहीं पाच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद रांची जिला प्रशासन ने लाइटिंग टावर के ढहने की घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया। एक अधिकारी ने बताया कि रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समिति के सदस्यों से घटनास्थल पर जाकर जांच करने और जल्द से जल्द विवरण सौंपने को कहा है।
जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि समिति के सदस्यों में एक जिला भूमि अधिग्रहण अधिकारी और सड़क निर्माण विभाग (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता शामिल रहेंगे। यह टावर के अचानक गिरने की वजह की जांच की जाएगी।
लाइट टावर गिरने से हुआ हादसा
मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि रांची से गुमला की ओर जाने वाले हाईवे में टोल प्लाजा के किनारे लगा हाई मास्ट लाइट टावर अचानक यात्रियों से भरे ऑटो रिक्शा पर गिर गया। इस घटना में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य यात्री मलबे में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्थानीय लोगों ने की मुआवजे की मांग
इस बीच, स्थानीय लोगों ने अधिकारियों की ओर से लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग करते हुए मंगलवार को लगभग पांच घंटे तक यातायात बाधित रखा था।
(इनपुट- भाषा)
