राँची

Ranchi: 57 वर्षीय महिला हिस्ट्रीशीटर चढ़ी पुलिस के हत्थे, 11वीं बार की गई अरेस्ट, ये है इसके अपराधों की कहानी

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 29, 2022, 12:29 AM IST

एक महिला हिस्ट्रीशीटर हसीना बानो डेली मार्केट थाना इलाके के खटिया बाजार में एक महिला के पर्स से रुपए चोरी करते वक्त 11वीं बार पुलिस के हत्थे चढ़ी है। इसके विरूद्ध रांची के लालपुर, डोरंडा,लोअर बाजार सहित कोतवाली व सदर थाने में चोरी की करीब एक दर्जन वारदातोंं के मामले दर्ज हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

KEY HIGHLIGHTS
  • महिला हिस्ट्रीशीटर हसीना बानो 11वीं बार अरेस्ट
  • विगत 15 वर्षों से है हसीना बानो का आपराधिक रिकॉर्ड
  • हसीना बानो का पेटरवार में दो फ्लोर का है शानदार मकान

रांची पुलिस ने एक महिला हिस्ट्रीशीटर हसीना बानो को अरेस्ट करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी महिला को राजधानी के डेली मार्केट थाना इलाके के खटिया बाजार में एक महिला के पर्स से रुपए चोरी करते वक्त लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। बता दें कि, पुलिस गिरफ्त में आई शातिर महिला सूबे के कई जिलों की पुलिस के लिए मुसीबत बनीं हुई है। यह 11वीं बार पुलिस के हत्थे चढ़ी है। हालांकि पुलिस ने महिला को मामला दर्ज करने के बाद कोर्ट में पेश किया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। सबसे बड़ी हैरानी की बात तो ये है कि, महिला की अपराधिक आदतों के चलते खुद उसके परिजन परेशान हैं। बता दें कि, हिस्ट्रीशीटर हसीना बानो का बोकारो जिले के कस्बे पेटरवार में दो फ्लोर का शानदार मकान है। पूरा परिवार अच्छा है। मगर वह अपनी इन आदतों के चलते आए दिन जेल यात्रा करती है।

15 वर्षों से कर रही वारदातें

रांची पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक हसीना बानों का आपराधिक रिकॉर्ड विगत 15 वर्षों से है। इस दौरान इसने झारखंड के रांची सहित धनबाद, बोकारो, गिरिडीह व कई अन्य शहरों में दर्जनों बार लोगों को अपना निशाना बनाया है। पुलिस के मुताबिक हसीना बानो आमतौर पर ऑटो व बस में सफर करने वाली या फिर बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देती है। पुलिस ने कई बार उसके पेटरवार स्थित मकान में दबिश देकर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात सहित कैश व अन्य कीमती सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इतनी शातिर है कि, पकड़ में आने के बाद भी पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार हो जाती है। एक बार तो वर्ष 2013 में न्यायालय से चंपत हो गई थी।

इन थानों में इतने मामले दर्ज

रांची पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर हसीना बानो सबसे पहले साल 2010 में डोरंडा इलाके में पुलिस के हत्थे चढ़ी थी। पुलिस के मुताबिक महिलाओं को बातों में उलझा कर चोरी की वारदात को अंजाम देती है। इसके विरूद्ध रांची के लालपुर, डोरंडा, लोअर बाजार सहित कोतवाली व सदर थाने में चोरी की करीब एक दर्जन वारदातों के मामले दर्ज हैं। वहीं बोकारो और धनबाद में भी इसने चोरी की कई वारदातें की हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article