राँची

झारखंड के गिरिडीह में हत्या के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, थाने का किया घेराव; सड़क जाम

झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दामोदर गोप नामक व्यक्ति की हत्या के विरोध में रविवार को लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोग मुफस्सिल थाने पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

Image

विरोध प्रकट करते हुए लोग।

Photo : IANS

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दामोदर गोप नामक एक शख्स की हत्या के खिलाफ रविवार को जनाक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर मुफस्सिल थाने का घेराव किया और थाने के सामने मुख्य सड़क को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। दामोदर गोप कबीरबाद गांव के रहने वाले थे। शनिवार की शाम युवकों के एक समूह ने उन पर चाकू से उनके घर के पास ही ताबड़तोड़ वार किया था। बाद में धनबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

कहासुनी के बाद युवक की हत्या

बताया गया कि कबीरबाद गांव में स्थित माइंस में शनिवार को ब्लास्टिंग की जानी थी। इस दौरान बाइक पर सवार होकर घूमने पहुंचे युवकों को माइनिंग करने वाली कंपनी के कर्मियों और स्थानीय निवासी दामोदर गोप ने वहां से हटने को कहा था। इस पर युवक दामोदर गोप से उलझ पड़े। करीब आधे घंटे बाद आठ-दस युवक फिर वहां पहुंचे और दामोदर गोप पर हमला कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने हमलावर युवकों में से दो को मौके पर दबोच लिया था। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और इसके बाद शनिवार रात से लेकर रविवार तक इलाके में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच अन्य को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू मारकर युवक की हत्या

दामोदर के पेट में चाकू मारने वाले मुख्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से हमले में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद किया गया है। मुख्य अभियुक्त का बैकग्राउंड आपराधिक रहा है। वह हाल में ही एक आपराधिक केस में जमानत पर जेल से छूटा है। गिरिडीह सदर क्षेत्र के एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य युवकों की भी तलाश चल रही है।

मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

रविवार सुबह जब दामोदर गोप की मौत की खबर इलाके में पहुंची तो लोग उत्तेजित होकर सड़क पर उतर आए। वे हत्या आरोपियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी देने की मांग कर रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। घटना की सूचना पाकर डुमरी के विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article