राँची

Jharkhand: गिरिडीह में एक परिवार के चार लोगों की मौत से मचा हड़कंप, नाबालिग बच्चों की हत्या के बाद फंदे से लटका पिता

झारखंड के गिरिडीह जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक पिता ने अपने 3 नाबालिग बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। इस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Image

गिरिडीह में एक परिवार के चार लोगों की मौत से मचा हड़कंप

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पीरटांड़ थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों और एक बेटे की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। रविवार सुबह इस हृदय विदारक घटना की खबर इलाके में फैली तो लोग सन्न रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू की।

बच्चों की हत्या के बाद की खुदकुशी

पुलिस ने बताया कि यह घटना महेशलिट्टी गांव की है। मृतकों में 36 वर्षीय सनाउल अंसारी, सनाउल की दो बेटियां आफरीन परवीन (12 वर्ष) और जैबा नाज (8 वर्ष) एवं बेटा सफाउल अंसारी (6 वर्ष) शामिल हैं। सनाउल अंसारी की पत्नी दो दिन पूर्व गिरिडीह जिले के जमदहा गांव स्थित अपने मायके गई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना रात दो-तीन बजे के आसपास की है। इसकी जानकारी रविवार की सुबह लोगों को तब हुई, जब रमजान की सेहरी के बाद भी सनाउल के घर में कोई हलचल नहीं हुई। पड़ोसियों ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी और कोई आवाज न आने पर लोग किसी तरह अंदर घुसे तो सनाउल अंसारी को फांसी पर लटका पाया, जबकि उसके तीनों बच्चे वहीं मृत पड़े थे।

गला दबाकर ली बच्चों की जान

बच्चों और उनके पिता का शव देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना तत्काल पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा थाने की पुलिस को दी। डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सनाउल ने अपने तीन बच्चों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दी है। सनाउल राजमिस्त्री का काम करता था। इसके अलावा वह अपने घर में राशन और कपड़े की छोटी दुकान भी चलाता था। घटना की वजह क्या है, यह पता नहीं चल पाया है। सनाउल की पत्नी घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंची है। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ के बाद शायद घटना की वजह पता चल सकती है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस ने चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर हॉस्पिटल ले जाया गया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article