राँची

खुल गया 356 करोड़ रुपये वाला 4 लेन फ्लाईओवर, 2.4 KM लंबे एलिवेटेड रोड पर गाड़ियां भरेंगी फर्राटा; फिर विरोध क्यों?

रांची में 356 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया गया। सीएम के उद्घाटन के साथ गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि, इस फ्लाईओवर के खिलाफ आदिवासी संगठन विरोध कर रहे हैं। ‘सरना स्थल’ (धार्मिक स्थल) के पास सिरमटोली में बनाये गए एक ‘रैंप’ को ध्वस्त करने की मांग कर रहे हैं।

Image

सिरमटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राज्य की राजधानी रांची में यातायात को सुगम बनाने के लिए 357 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। चार लेन वाले इस फ्लाईओवर का उद्घाटन, आदिवासी संगठनों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद किया गया। आदिवासी संगठन, ‘सरना स्थल’ (धार्मिक स्थल) के पास सिरमटोली में बनाये गए एक ‘रैंप’ को ध्वस्त करने की मांग कर रहे थे। इस फ्लाईओवर का नाम ‘कार्तिक उरांव’ के नाम पर रखा गया है, जो कांग्रेस के एक वरिष्ठ आदिवासी नेता थे और वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की कैबिनेट के सदस्य रहे थे।

रेलवे लाइन पर बना 132 मीटर का एलिवेटेड रोड

गुमला जिले के करौंदा लिटाटोली में 29 अक्टूबर 1924 को जन्मे उरांव ने स्वतंत्रता आंदोलन में भी भाग लिया था। सोरेन ने परियोजना का उद्घाटन करते हुए कहा, “फ्लाईओवर से राजधानी में यातायात सुगम हो जाएगा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। यह एक ऐतिहासिक क्षण है।” एक बयान के मुताबिक, 2.34 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड अगस्त 2022 में शुरू की गई 356 करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा परियोजना का हिस्सा है। एलिवेटेड रोड में रेलवे लाइन पर बना 132 मीटर का हिस्सा भी शामिल है।

सीएम सोरेन ने कही ये बात

सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए रांची में सिरमटोली चौक से राजेंद्र चौक होते हुए मेकॉन गोलचक्कर तक चार-लेन फ्लाईओवर/एलिवेटेड रोड ओवरब्रिज का उद्घाटन करने का मुझे सौभाग्य मिला। सिरमटोली फ्लाईओवर हमारे अग्रणी मार्गदर्शक कार्तिक उरांव जी के नाम से जाना जाएगा। यह उद्घघाटन कार्यक्रम रांची में ‘सरना स्थल’ के पास ‘रैंप’ के निर्माण के विरोध में झारखंड बंद के एक दिन बाद किया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने रांची में कई सड़कें अवरूद्ध कर दीं जबकि कहीं से कोई बड़ी घटना की खबर नहीं है। बंद के दौरान कम से कम 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। रांची में छह और रामगढ़ में चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आदिवासी समुदाय की भावना से जुड़े मुद्दे के समाधान के लिए सोरेन से हस्तक्षेप की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने रांची को हजारीबाग, गुमला और डाल्टनगंज से जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात अवरूद्ध हुआ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article