Jharkhand Mausam Update: झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों का मौसम बदलने लगा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। साथ ही आने वाले दिनों में झारखंड का मौसम ऐसे ही रहने वाला है। यानी कि लोगों को हीटवेव की मार नहीं झेलनी पड़ेगी। आईएमडी ने झारखंड के कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। बता दें कि रांची, रामगढ़ समेत आस-पास के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम में बदलाव दिखा है।
सांकेतिक फोटो।
बारिश के बाद तापमान गिरा
हल्की बारिश होने के बाद तापमान पर भी असर पड़ा है और तापमान में कई डिग्री की कमी दर्ज की गई है। रामगढ़ में हल्की बारिश के बाद पारा 40 डिग्री से घटकर करीब 30 डिग्री पर जा पहुंचा। यानी की करीब 10 डिग्री कमी आई है। इसी प्रकार रांची का तापमान 40 डिग्री से कम होकर 37 डिग्री पर जा पहुंचा और रात में 30 डिग्री दर्ज किया गया। इन जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हवा भी चली है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
इधर, मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने 20 जून यानी कि गुरुवार के लिए झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद, साहिबगंज, र्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी की गई है।
आंधी-तूफान की चेतावनी
वहीं, भारी बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान चलने की भी संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि इन जिलों में 50 किमी की रफ्तार से तेज हवा चलेगी, जिसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही लोगों को बाहर नहीं निकलने और सावधान रहने की सलाह दी गई है।
झारखंड में कब आएगा मानसून
अगर मानसून की बात करें तो मौसम विभाग ने पहले बताया था कि झारखंड में 19 जून तक मानसून आ सकता है, लेकिन मानसून में देरी हुई और अब झारखंड में 22 जून तक मानसून आने की संभावना है। माना जा रहा है कि 22 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है, क्योंकि इसके आने से पहले कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है।
