राँची

झारखंड दौरे पर जेपी नड्डा, आज देवघर में करेंगे BJP कार्यालय का उद्घाटन

JP Nadda Deoghar Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को देवघर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। वे झारखंड दौरे पर शुक्रवार रात को देवघर पहुंचे। देर रात उन्होंने देवघर में भाजपा की कोर कमिटी बैठक में भाग लिया।

Image

जेपी नड्डा (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Jharkhand News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा झारखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वो शनिवार को देवघर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। जेपी नड्डा के आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जेपी नड्डा शुक्रवार रात ही झारखंड पहुंच गए। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी और मधु कोड़ा समेत कई बड़े नेता, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर नड्डा का स्वागत किया। रात में ही जेपी नड्डा भाजपा कोर कमिटी की बैठक में शामिल हुए।

झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, जोश और उमंग है। जेपी नड्डा के कार्यक्रम को लेकर हमारी पूरी तैयारी है।" मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देवघर में हुई कोर कमिटी बैठक की तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा, "देवघर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश भाजपा कोर कमिटी की बैठक में शामिल हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश संगठन मंत्री करमवीर सिंह एवं पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।"

पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने नड्डा के दौरे पर जताई खुशी

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पत्रकारों से बात करते हुए नड्डा के दौरे पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड में है। वे कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। संगठन को लेकर बातचीत होगी।" चंपई सोरेन ने 'एक्स' पर लिखा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी का वीर सिदो-कान्हू की पावन भूमि संथाल-परगना के बाबानगरी देवघर आगमन पर स्वागत किया।"

झारखंड में जेपी नड्डा का कार्यक्रम

जेपी नड्डा के झारखंड कार्यक्रम की बात करें तो शनिवार को सुबह बाबा वैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना, इसके बाद करीब 10.20 बजे देवघर में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन, सुबह करीब 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन और शाम 4.30 बजे एम्स के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article