राँची

झारखंड पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 18 लाख के इनामी नक्सली समेत चार को दबोचा, हथियारों का जखीरा भी जब्त

Jharkhand Crime News: झारखंड में चतरा पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 18 लाख के इनामी नक्सली समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया है।

Image

फाइल फोटो

Jharkhand Crime News: झारखंड के चतरा जिले की पुलिस ने 18 लाख के इनामी नक्सली कमांडर आक्रमण गंझू की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर अमेरिका निर्मित विदेशी रायफल के साथ हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने आक्रमण गंझू के अलावा नक्सली संगठन के लिए काम करने वाली उसकी पत्नी लावालौंग प्रखंड की पूर्व प्रमुख नीलम देवी, सचिन कुमार गंझू और अमृत गंझू को भी गिरफ्तार किया है। चतरा के एसपी विकास पांडेय ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

नक्सलियों के पास से बरामद हुए हथियार

चतरा, पलामू और लातेहार सहित कई जिलों में आतंक का पर्याय रहे आक्रमण गंझू प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) का सेकेंड सुप्रीमो है। उसे रवींद्र गंझू, ब्रह्मदेव और रामविनायक के नाम से भी जाना जाता रहा है। उस पर झारखंड पुलिस ने 15 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसकी निशानदेही पर 9 एमएम के तीन पिस्टल, अमेरिका निर्मित एम-16 एआई राइफल, एक एसएलआर राइफल, प्वाइंट 315 बोर की दो देसी राइफल, 7.62 एमएम के तीन देसी पिस्टल, एक कट्टा के अलावा, पांच हजार से ज्यादा कारतूस, कई मैगजीन, सात मोबाइल, एक गाड़ी सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि विगत 1 मार्च को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी का कुख्यात नक्सली 18 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू उर्फ आक्रमण अपने साथियों के साथ रात में चतरा के हंटरगंज होते हुए पलामू जा रहा है। शेरघाटी-हंटरगंज रोड में पतसुगिया पुल के पास से सफेद रंग की गाड़ी से आक्रमण और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया। उसे गिरफ्तार करने वाली टीम की अगुवाई सदर एसडीपीओ संदीप सुमन कर रहे थे, जबकि इस टीम में हंटरगंज इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार, थाना प्रभारी सिमरिया मानव मयंक समेत सशस्त्र बल के लोग शामिल थे। आक्रमण गंझू की मां और उसके भाइयों ने इस साल 24 फरवरी को ही दावा किया था कि पुलिस ने आक्रमण गंझू को उसकी पत्नी और दो ड्राइवरों के साथ गिरफ्तार किया है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article