राँची

Jharkhand: गिरिडीह के एक घर में जोरदार धमाका, परिवार के एक सदस्य की मौत और छह घायल, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ मकान

Explosion at Home in Giridih: झारखंड के गिरिडीह में अज्ञात कारणों से एक घर में ब्लास्ट हो गया। यह धमाका इतना तेज कि पूरा घर ही क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। पुलिस ब्लास्ट का कारण जानने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Explosion at Home in Giridih: झारखंड के गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर स्थित एक घर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। जिसमें परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई और छह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना देर रात करीब 2 बजे हुई। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज से पास-पड़ोस के लोग जगकर बाहर आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, ब्लास्ट का कारण अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन कुछ लोग इसे अवैध विस्फोटक से जोड़कर देख रहे हैं।

ब्लास्ट के कारण बाहर की ओर गिरी दीवारें

इस हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान उमेश दास, उनकी पत्नी सबिता देवी, पुत्र संदीप, सन्नी, बेटी लक्ष्मी, और सास बेदन्ति देवी के तौर पर हुई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर किया गया है। इस मामले में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में जांच की जा रही है। एसडीपीओ जीतवाहन इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उमेश दास के घर में ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट की वजह से घर की दीवार बाहर की ओर गिर गई, जिससे यह संकेत मिलता है कि घर के अंदर कुछ ऐसी चीज़ हुई होगी, जिससे धमाका हुआ हो। इस समय फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है और सैंपल एकत्रित कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि धमाका किस कारण हुआ।

फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट की वजह पता लगाने में जुटी

उन्होंने कहा कि इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मृत्यु हो गई है, जबकि बाकी लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। इस समय जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह धमाका अवैध खनन गतिविधियों के कारण तो नहीं हुआ, जिसमें कोई विस्फोटक सामग्री इस्तेमाल हुई हो। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि आखिरकार धमाका किस चीज से हुआ और उस जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article